Home Ayodhya/Ambedkar Nagar अयोध्या दीपों की ज्योति से गुरु रविदास को अर्पित की जाएगी श्रद्धांजलि

दीपों की ज्योति से गुरु रविदास को अर्पित की जाएगी श्रद्धांजलि

0

◆ समरसता, श्रद्धा और सेवा का दीपोत्सव मनाएगी भाजपा, 20 मंदिरों में होगा दीपदान कार्यक्रम


अयोध्या। संत शिरोमणि गुरु रविदास जी के 650वें जन्मोत्सव वर्ष के उपलक्ष्य में गुरु पूर्णिमा (29 जुलाई) पर भारतीय जनता पार्टी द्वारा अयोध्या महानगर एवं जनपद में विविध धार्मिक एवं सामाजिक कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा। भाजपा पदाधिकारी विभिन्न मठ-मंदिरों में पहुंचकर संत-महंतों एवं गुरुओं का आशीर्वाद प्राप्त करेंगे तथा दीपदान और कलश यात्रा के माध्यम से सामाजिक समरसता एवं संत परंपरा के प्रति श्रद्धा व्यक्त करेंगे।

महानगर क्षेत्र के 20 प्रमुख मंदिरों में दीपदान कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। प्रत्येक मंडल में पांच मंदिरों पर 65-65 दीप प्रज्ज्वलित किए जाएंगे। मुख्य कार्यक्रम हनुमानकुंड स्थित गुरु रविदास मंदिर में होगा, जहां 650 दीपों का सामूहिक प्रज्ज्वलन किया जाएगा। इसके साथ ही गुरु रविदास की कर्मस्थली वाराणसी से लाई जा रही पावन मिट्टी के कलश का वैदिक मंत्रोच्चार के साथ पूजन होगा। पूजन के उपरांत इस कलश की यात्रा महानगर के प्रत्येक मंडल एवं शक्ति केंद्रों तक निकाली जाएगी, अभियान सात से 14 अगस्त तक चलाया जाएगा।

इस अभियान के अंतर्गत महानगर से अभियान सहसंयोजक काशीराम रावत एवं दिनेश कन्नौजिया तथा जिला इकाई से अखंड प्रताप सिंह ‘डिम्पल’, सुरेन्द्र कोरी, राममोहन भारती, अशोक कसौधन एवं कृष्ण कुमार पाण्डेय ‘खुन्नू’ मंगलवार देर रात वाराणसी रवाना होंगे। वहां से वे गुरु रविदास की कर्मस्थली की पावन मिट्टी का पूजित कलश अयोध्या लेकर आएंगे।

भाजपा महानगर अध्यक्ष कमलेश श्रीवास्तव ने बताया कि गुरु पूर्णिमा भारतीय संस्कृति में गुरु के प्रति श्रद्धा, सम्मान और कृतज्ञता व्यक्त करने का महान पर्व है। उन्होंने कहा कि संत शिरोमणि गुरु रविदास ने समाज को समरसता, समानता, श्रम की गरिमा और मानवता का संदेश दिया।

भाजपा महानगर मीडिया प्रभारी अमित कुमार मिश्र ने बताया कि गुरु पूर्णिमा के अवसर पर आयोजित सभी कार्यक्रमों की तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। महानगर के सभी मंडलों में कार्यकर्ताओं की जिम्मेदारियां तय कर दी गई हैं तथा दीपदान, कलश पूजन एवं संत सम्मान कार्यक्रमों को सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने की योजना बनाई गई है।

NO COMMENTS

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Exit mobile version