वाराणसी। आम नागरिकों को पासपोर्ट सेवाएं अधिक सरल और सुलभ उपलब्ध कराने के उद्देश्य से क्षेत्रीय पासपोर्ट कार्यालय, लखनऊ द्वारा मोबाइल पासपोर्ट वैन पहल के तहत लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। इसी क्रम में पंचायत भवन, चिरईगांव, वाराणसी में मोबाइल पासपोर्ट वैन के माध्यम से आयोजित तीन दिवसीय पासपोर्ट शिविर का शुभारंभ किया गया।
शिविर का उद्घाटन कैबिनेट मंत्री अनिल राजभर द्वारा किया गया। इस अवसर पर क्षेत्रीय पासपोर्ट अधिकारी शुभम सिंह उपस्थित रहे। अधिकारियों ने बताया कि यह शिविर 20, 21 एवं 22 जनवरी तक संचालित रहेगा। शिविर के दौरान प्रतिदिन 50 सामान्य अपॉइंटमेंट के माध्यम से पासपोर्ट आवेदन स्वीकार किए जाएंगे।
मोबाइल पासपोर्ट वैन व्यवस्था के माध्यम से ग्रामीण और दूरस्थ क्षेत्रों में रहने वाले नागरिकों को अपने ही क्षेत्र में पासपोर्ट आवेदन की सुविधा मिल रही है। इससे लोगों को पासपोर्ट सेवा केंद्रों तक जाने की आवश्यकता नहीं पड़ती और समय व संसाधनों की बचत होती है।
बताया गया कि मोबाइल पासपोर्ट वैन सेवा की शुरुआत महोबा जनपद से की गई थी। इसके बाद यह सुविधा उप डाकघर, चित्रकूट; मुख्य डाकघर, बस्ती; मुख्य डाकघर, चंदौली तथा डाकघर, सोरांव सहित विभिन्न स्थानों पर सफलतापूर्वक उपलब्ध कराई जा चुकी है।
क्षेत्रीय पासपोर्ट कार्यालय, लखनऊ नागरिकों को सहज, प्रभावी और समयबद्ध पासपोर्ट सेवाएं उपलब्ध कराने की दिशा में निरंतर कार्यरत है।