Home Ayodhya/Ambedkar Nagar अयोध्या ‘नो हेल्मेट, नो फ्यूल’ नियम की अनदेखी पर दो पेट्रोल पंपों से...

‘नो हेल्मेट, नो फ्यूल’ नियम की अनदेखी पर दो पेट्रोल पंपों से मांगा गया स्पष्टीकरण

0

अयोध्या। परिवहन आयुक्त, उत्तर प्रदेश के निर्देशों के अनुपालन में लागू की गई नो हेल्मेट, नो फ्यूल नीति की जांच के तहत जिला पूर्ति अधिकारी ने सोमवार को जनपद के दो पेट्रोल पंपों का आकस्मिक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान सहादतगंज स्थित मै० आर०के०बी० लिमिटेड तथा सलारपुर, सोहावल स्थित मै० आशी फिलिंग स्टेशन पर नियमों का उल्लंघन पाया गया।

निरीक्षण के समय यह सामने आया कि दोनों पेट्रोल पंपों पर सेल्समैन द्वारा “नो हेल्मेट, नो फ्यूल” रणनीति का पालन नहीं किया जा रहा था। दोपहिया वाहन चालकों, जिन्होंने हेल्मेट नहीं पहन रखा था, उन्हें पेट्रोल का विक्रय किया जा रहा था, जो कि स्पष्ट रूप से निर्देशों के विरुद्ध है।

जिला पूर्ति अधिकारी ने बताया कि परिवहन आयुक्त, उत्तर प्रदेश द्वारा जारी निर्देशों के तहत जनपद में संचालित सभी डीजल और पेट्रोल पंप संचालकों को यह सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं कि बिना हेल्मेट पहने दोपहिया वाहन चालक एवं सहयात्री को पेट्रोल का विक्रय न किया जाए। साथ ही 9 जनवरी 2025 को जोनल परिवहन अधिकारी की अध्यक्षता में आयोजित बैठक में सभी पेट्रोल पंप संचालकों को अपने परिसरों में इस आशय के बड़े-बड़े होर्डिंग लगाने के भी निर्देश दिए गए थे।

इसके बावजूद नियमों की अनदेखी किए जाने पर जिला पूर्ति अधिकारी ने संबंधित दोनों फर्मों को एक सप्ताह के भीतर स्पष्टीकरण प्रस्तुत करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि निर्धारित समयावधि में यदि साक्ष्य सहित स्पष्टीकरण प्रस्तुत नहीं किया गया, तो यह माना जाएगा कि फर्म को इस विषय में कुछ नहीं कहना है और नियमानुसार उनके विरुद्ध आगे की आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।

NO COMMENTS

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Exit mobile version