Home Ayodhya/Ambedkar Nagar अम्बेडकर नगर भाजपा जिलाध्यक्ष के स्वागत में उमड़ा जनसैलाब, चार किलोमीटर पैदल मार्च कर...

भाजपा जिलाध्यक्ष के स्वागत में उमड़ा जनसैलाब, चार किलोमीटर पैदल मार्च कर पहुंचे पार्टी कार्यालय

0

अम्बेडकर नगर। भारतीय जनता पार्टी के नव नियुक्त जिलाध्यक्ष दिलीप पटेल देव के जिलाध्यक्ष घोषित होने के बाद प्रथम जनपद आगमन पर भाजपा कार्यकर्ताओं ने उनका जोरदार स्वागत किया। जिला मुख्यालय स्थित पुरानी तहसील तिराहे पर चिलचिलाती धूप के बावजूद सैकड़ों कार्यकर्ता भाजपा, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के समर्थन में नारे लगाते हुए ढोल-नगाड़ों एवं डीजे के साथ स्वागत में जुटे रहे।

जिलाध्यक्ष दिलीप पटेल देव ने पुरानी तहसील स्थित हनुमान मंदिर में पूजा-अर्चना कर आशीर्वाद लिया। इसके बाद कार्यकर्ताओं के साथ पैदल मार्च करते हुए पटेल नगर पहुंचे, जहां उन्होंने सरदार वल्लभभाई पटेल की प्रतिमा पर माल्यार्पण किया। इसके उपरांत कलेक्ट्रेट स्थित डॉ. भीमराव आंबेडकर की प्रतिमा पर श्रद्धासुमन अर्पित किए। बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं के साथ लगभग चार किलोमीटर की पदयात्रा करते हुए वे भाजपा जिला कार्यालय अटल भवन पहुंचे।

अटल भवन पहुंचने पर महिला मोर्चा की कार्यकर्ताओं ने पुष्पवर्षा कर उनका स्वागत किया। जिला कार्यालय के सभागार में 51 और 21 किलो की मालाएं पहनाकर अभिनंदन किया गया। प्रथम आगमन के अवसर पर सुंदरकांड पाठ का भी आयोजन किया गया।

स्वागत समारोह को संबोधित करते हुए जिलाध्यक्ष दिलीप पटेल देव ने कहा कि पार्टी नेतृत्व ने जिस विश्वास के साथ उन्हें जिम्मेदारी सौंपी है, उस पर पूरी निष्ठा से खरा उतरने का प्रयास करेंगे। उन्होंने कहा कि कार्यकर्ताओं का सम्मान और संगठन के कार्यों का प्रभावी संचालन उनकी सर्वोच्च प्राथमिकता रहेगी। साथ ही सभी वरिष्ठ एवं कनिष्ठ कार्यकर्ताओं से संगठन को और मजबूत बनाने के लिए मिलकर कार्य करने का आह्वान किया।

निवर्तमान जिलाध्यक्ष त्रयंबक तिवारी ने नव नियुक्त जिलाध्यक्ष को शुभकामनाएं देते हुए अपने कार्यकाल में सहयोग देने वाले पदाधिकारियों, जनप्रतिनिधियों और कार्यकर्ताओं के प्रति आभार व्यक्त किया।

कार्यक्रम का संचालन जिला उपाध्यक्ष रमेश चंद्र गुप्ता ने किया। स्वागत समारोह में बुलडोजर विशेष आकर्षण का केंद्र रहा।

इस अवसर पर एमएलसी डॉ. हरिओम पांडेय, जिला पंचायत अध्यक्ष श्याम सुंदर वर्मा साधु, पूर्व जिलाध्यक्ष डॉ. मिथिलेश त्रिपाठी, राम प्रकाश यादव, ज्ञान सागर सिंह, यमुना प्रसाद चतुर्वेदी, रमा शंकर सिंह, पूर्व विधायक त्रिवेणी राम, अनीता कमल, जय राम विमल, संजू देवी, चेयरमैन चंद्र प्रकाश वर्मा, ओंकार गुप्ता, ब्लॉक प्रमुख संजय सिंह सहित बड़ी संख्या में भाजपा पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे।

NO COMMENTS

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Exit mobile version