आलापुर, अंबेडकर नगर। नगर पंचायत जहांगीरगंज के वार्ड संख्या-16 में जल जीवन मिशन के तहत पाइपलाइन बिछाने का कार्य लोगों के लिए मुसीबत का कारण बन गया है। ठेकेदार द्वारा हाल ही में बनी लाखों रुपये की सड़क को खोदने के बाद उसकी मरम्मत नहीं कराई गई, जिससे सड़क गड्ढों में तब्दील हो गई है और स्थानीय लोगों को आवागमन में भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।
स्थानीय निवासियों का आरोप है कि पाइपलाइन डालने के लिए सड़क खोदने के दौरान निकला मलबा नालियों में भर गया है। इसके चलते नालियां जाम हो गई हैं और घरों से निकलने वाला गंदा पानी सड़क पर बह रहा है। बरसात का मौसम नजदीक होने के कारण लोगों की चिंता और बढ़ गई है।
बताया जाता है कि संबंधित सड़क का निर्माण कुछ समय पूर्व ही लाखों रुपये की लागत से कराया गया था। सड़क खोदने के बाद उसे पूर्व स्थिति में बहाल करने के सरकारी निर्देश हैं, लेकिन ठेकेदार द्वारा इन निर्देशों की अनदेखी की जा रही है।
उधर, जिला प्रशासन भी बरसात से पहले जल निकासी व्यवस्था दुरुस्त करने पर जोर दे रहा है। जिलाधिकारी ईशा प्रिया ने हाल ही में सभी नगर निकायों को नालों और नालियों की सफाई सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए हैं, ताकि वर्षा के दौरान जलभराव की समस्या न उत्पन्न हो।
इस संबंध में नगर पंचायत के अधिशासी अधिकारी उमेश कुमार पासी ने बताया कि सड़क और नालियों की स्थिति को लेकर ठेकेदार से कई बार शिकायत की जा चुकी है, लेकिन अपेक्षित कार्रवाई नहीं हुई है। उन्होंने कहा कि मामले से उच्च अधिकारियों को अवगत कराया जाएगा, ताकि समस्या का शीघ्र समाधान कराया जा सके।
स्थानीय लोगों ने प्रशासन से सड़क की मरम्मत और नालियों की सफाई जल्द कराने की मांग की है। उनका कहना है कि समय रहते कार्रवाई नहीं हुई तो बरसात में स्थिति और गंभीर हो सकती है।