अयोध्या। श्रीराम जन्मभूमि परिसर के समीप बन रहे अयोध्या धाम उपडाकघर भवन का भूमि पूजन एवं शिलान्यास गुरुवार को उत्तर प्रदेश परिमण्डल के चीफ पोस्टमास्टर जनरल प्रणव कुमार द्वारा किया गया। कार्यक्रम में लखनऊ परिक्षेत्र के पोस्टमास्टर जनरल सुनील कुमार राय तथा अयोध्या मंडल के अधीक्षक डाकघर हरे कृष्ण यादव भी उपस्थित रहे।
इस अवसर पर सीपीएमजी प्रणव कुमार ने कहा कि अयोध्या विश्व पर्यटन मानचित्र पर तेजी से उभर रहा है, ऐसे में आधुनिक और सक्षम डाक सेवाओं की आवश्यकता महत्वपूर्ण थी। उन्होंने बताया कि नया भवन अत्याधुनिक सुविधाओं से युक्त होगा, जिसमें एटीएम, सीबीएस सुविधाएं, आधार नामांकन, डाक व मनी ऑर्डर सेवाएं उपलब्ध होंगी। इससे स्थानीय नागरिकों के साथ देश-विदेश से आने वाले श्रद्धालुओं और पर्यटकों को सीधी सुविधा मिलेगी।
पोस्टमास्टर जनरल सुनील कुमार राय ने कहा कि श्रीराम जन्मभूमि के निकट उपडाकघर स्थापित होने से सेवाओं की पहुंच सुगम होगी। साथ ही निरीक्षण कक्ष बनने से दूरदराज़ से आने वाले अधिकारी-कर्मचारियों के ठहराव की भी व्यवस्था होगी, जिससे अयोध्या में पर्यटन को भी गति मिलेगी। अधीक्षक डाकघर हरे कृष्ण यादव ने बताया कि भवन का निर्माण एक वर्ष में पूरा करने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है और इसे प्राथमिकता के आधार पर पूरा कराया जाएगा।
इस अवसर पर सहायक निदेशक आर के अवस्थी , अश्विनी कुमार जोगलेकर, जी.पी. त्रिपाठी , सीनियर पोस्टमास्टर मनोज श्रीवास्तव, सहायक अधीक्षक ओमेश्वर, मनोज कुमार, मोहित टंडन, मुख्य विपणन अधिकारी सत्येन्द्र प्रताप सिंह , निरीक्षक डाकघर अमित कुमार, अभिषेक तिवारी , गौरव सोनी, सहित अधिकारी व कर्मचारी उपस्थित रहे ।