◆ वीडियो सामने आने के बाद भी कार्रवाई न होने से पुलिस की कार्यशैली पर उठे सवाल
आलापुर, अम्बेडकरनगर। राजेसुल्तानपुर थाना क्षेत्र के चोरमरा कमालपुर गांव में दो महिलाओं पर हथौड़े से पांच फीट ऊंची पक्की दीवार तोड़ने का आरोप लगा है। घटना का वीडियो सामने आने के बाद भी कार्रवाई न होने से पुलिस की कार्यशैली पर सवाल उठ रहे हैं। पीड़ित परिवार ने उच्चाधिकारियों से न्याय की गुहार लगाई है।
गांव निवासी ज्ञानमती पत्नी बालकिशुन विश्वकर्मा ने थाने में दिए शिकायती प्रार्थना पत्र में आरोप लगाया है कि उनकी जमीन पर वर्षों पुरानी करीब पांच फीट ऊंची ईंट की पक्की दीवार बनी थी। गांव की कौशिल्या पत्नी शेषनाथ और रीमा पत्नी उमेश ने एकजुट होकर हथौड़े से दीवार को तोड़ दिया। विरोध करने पर आरोपित महिलाओं ने उनके साथ गाली-गलौज की। पीड़िता के मुताबिक, घटना के दौरान उनका बेटा मोबाइल से वीडियो बना रहा था, जिसे भी गाली दी गई। आरोप है कि दीवार तोड़कर जबरन रास्ता निकालने का प्रयास किया जा रहा है।
पीड़िता का दावा है कि दीवार तोड़े जाने का वीडियो साक्ष्य उनके पास मौजूद है और थाने में लिखित शिकायत भी दी गई है। इसके बावजूद अब तक प्रभावी कार्रवाई नहीं होने से परिवार परेशान है। पीड़ित ने उच्चाधिकारियों से मामले की जांच कर आरोपितों के खिलाफ विधिक कार्रवाई की मांग की है।