अयोध्या। ज्येष्ठ मास के तीसरे बड़े मंगलवार के पावन अवसर पर पूर्व मंत्री तेजनारायण पांडे ‘पवन’ द्वारा रिकाबगंज चौराहे पर विशाल भंडारे का आयोजन किया गया। धार्मिक आस्था और सेवा भाव से आयोजित इस भंडारे में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं, साधु-संतों और राहगीरों ने प्रसाद ग्रहण किया। कार्यक्रम में पूरे दिन भक्तों की भीड़ उमड़ी रही और जय बजरंगबली के जयकारों से वातावरण भक्तिमय बना रहा।
भंडारे का शुभारंभ अयोध्या के संत-महंतों के सानिध्य में हनुमान जी के चित्र पर माल्यार्पण और पूजा-अर्चना के साथ हुआ। इस अवसर पर महंत जनमेजय शरण, महंत रमेश दास और महंत बाल योगी रामदास सहित कई संत-महंत मौजूद रहे।
पूर्व मंत्री तेजनारायण पांडे ‘पवन’ ने कहा कि बड़े मंगल का पर्व सेवा, श्रद्धा और लोककल्याण का संदेश देता है। उन्होंने बजरंगबली से देश, प्रदेश और अयोध्या की जनता के सुख, समृद्धि और खुशहाली की कामना की। उन्होंने कहा कि भक्तों के बीच प्रसाद वितरण कर उन्हें आत्मिक सुख की अनुभूति होती है।
प्रवक्ता राकेश यादव एडवोकेट ने बताया कि पूर्व मंत्री हर वर्ष बड़े मंगल पर भंडारे का आयोजन करते हैं और इस परंपरा को निरंतर आगे बढ़ाया जा रहा है। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में सामाजिक, राजनीतिक और धार्मिक क्षेत्र से जुड़े लोग शामिल हुए।
इस दौरान महानगर अध्यक्ष श्याम कृष्ण श्रीवास्तव, हामीद जाफर मीसम, रक्षा राम यादव, मोहम्मद हलीम पप्पू, राकेश पांडे, रियाज अहमद, अपर्णा जायसवाल, विवेक मिश्रा, पंकज पांडे, अभय द्विवेदी, विशाल पाल सहित अनेक गणमान्य लोग मौजूद रहे।