Home Ayodhya/Ambedkar Nagar अम्बेडकर नगर राजस्व मामलों की भरमार, समाधान दिवस में फरियादियों का बढ़ता आक्रोश

राजस्व मामलों की भरमार, समाधान दिवस में फरियादियों का बढ़ता आक्रोश

0
ayodhya samachar

जलालपुर, अंबेडकर नगर। प्रदेश सरकार द्वारा आमजन की समस्याओं के त्वरित समाधान के उद्देश्य से प्रत्येक शनिवार को संपूर्ण समाधान दिवस एवं थाना दिवस का आयोजन किया जाता है। लेकिन जलालपुर तहसील में लगातार बढ़ रही फरियादियों की भीड़ और शिकायतों के लंबित रहने से व्यवस्था पर सवाल उठने लगे हैं।

बीते सोमवार संपूर्ण समाधान दिवस में बड़ी संख्या में पहुंचे फरियादियों को देखकर जिलाधिकारी ईशा प्रिया ने अधिकारियों के प्रति सख्त रुख अपनाया था। इसके बाद भी लोगों का कहना है कि शिकायतों का समयबद्ध निस्तारण नहीं होने से उन्हें बार-बार तहसील के चक्कर लगाने पड़ रहे हैं। कई फरियादी ऐसे हैं जो एक ही मामले को लेकर दर्जनों बार शिकायत कर चुके हैं, लेकिन आज तक समाधान नहीं हो सका है।

संपूर्ण समाधान दिवस में सबसे अधिक शिकायतें राजस्व विभाग से संबंधित सामने आती हैं। जैतपुर थाना क्षेत्र के सेहरी गांव निवासी अवनीश कुमार सिंह ने बताया कि उन्होंने गांव में भूमि का बैनामा कराया है, लेकिन विपक्षी द्वारा अधिक भूमि पर निर्माण कर कब्जा किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि इस संबंध में कई बार उपजिलाधिकारी से शिकायत की गई। राजस्व टीम की जांच में भी विपक्षी द्वारा अतिरिक्त भूमि पर कब्जा किए जाने की पुष्टि होने के बावजूद अब तक कोई प्रभावी कार्रवाई नहीं की गई है, जिससे वह काफी परेशान हैं।

स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि संपूर्ण समाधान दिवस में प्राप्त शिकायतों का समयबद्ध एवं निष्पक्ष निस्तारण किया जाए तो लोगों को बार-बार तहसील के चक्कर नहीं लगाने पड़ेंगे। शिकायतों के लंबित रहने से तहसील प्रशासन की कार्यशैली पर भी सवाल उठ रहे हैं। लोगों का मानना है कि संपूर्ण समाधान दिवस का उद्देश्य तभी सार्थक होगा, जब शिकायतों का प्रभावी और निर्धारित समय सीमा में निस्तारण सुनिश्चित किया जाए।

NO COMMENTS

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Exit mobile version