अयोध्या। गणतंत्र दिवस की पूर्व संध्या पर रविवार को ग्लोबल पाथ संस्था की ओर से मेडिकल कॉलेज परिसर में रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया। दोपहर 2 बजे शुरू हुए इस शिविर में युवाओं और समाजसेवियों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। शिविर का उद्देश्य जरूरतमंद मरीजों को समय पर रक्त उपलब्ध कराना और समाज में मानव सेवा की भावना को मजबूत करना रहा।
रक्तदान शिविर का नेतृत्व संस्था की प्रबंधक आम्रपालीत्रिपाठी ने किया। उन्होंने स्वयं रक्तदान कर शिविर की शुरुआत की और उपस्थित लोगों को रक्तदान के लिए प्रेरित किया। आम्रपाली त्रिपाठी ने कहा कि रक्तदान महादान है और एक यूनिट रक्त किसी की जान बचाने में सहायक हो सकता है। उन्होंने लोगों से नियमित रूप से रक्तदान करने की अपील की।
इस अवसर पर सौरभगुप्ता, विशालत्रिपाठीऔरबलरामप्रजापति ने भी स्वेच्छा से रक्तदान किया। रक्तदाताओं को संस्था की ओर से प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। आयोजन में मेडिकल कॉलेज के स्वास्थ्यकर्मियों की टीम ने रक्त संग्रह और जांच की जिम्मेदारी संभाली।
आयोजकों ने बताया कि रक्त की कमी के कारण कई बार मरीजों को कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है। ऐसे में इस प्रकार के शिविर जरूरतमंदों के लिए जीवनदायी सिद्ध होते हैं। शिविर के माध्यम से मानव सेवा के साथ-साथ राष्ट्रहित का संदेश दिया गया। कार्यक्रम के दौरान गणतंत्र दिवस के महत्व पर भी प्रकाश डाला गया और सामाजिक दायित्व निभाने का संकल्प लिया गया।