Home Ayodhya/Ambedkar Nagar अयोध्या छात्रा रागनी निषाद बनीं एक दिन की जीआरपी थाना प्रभारी, महिलाओं को...

छात्रा रागनी निषाद बनीं एक दिन की जीआरपी थाना प्रभारी, महिलाओं को किया जागरूक

0

अयोध्या। मिशन शक्ति अभियान के तहत महिलाओं और बालिकाओं को उनके अधिकारों, सुरक्षा और स्वावलंबन के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से बुधवार को राजकीय बालिका इंटर कॉलेज, अयोध्या की कक्षा 12 की छात्रा रागनी निषाद को एक दिन के लिए जीआरपी थाना अयोध्या कैंट का प्रभारी बनाया गया। रागनी निषाद ने अपनी स्वेच्छा और विद्यालय की अनुमति से यह जिम्मेदारी निभाई।

थाना पहुंचने पर छात्रा थाना प्रभारी का बुके देकर स्वागत किया गया। इसके बाद उन्हें जीआरपी थाने, आरपीएफ थाने और रेलवे स्टेशन के महत्वपूर्ण स्थानों का भ्रमण कराया गया। उन्होंने थाने के कार्यालय में रखे अभिलेखों का अवलोकन किया तथा सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस की ओर से की जाने वाली कार्रवाई की जानकारी प्राप्त की।

इस दौरान छात्रा को महिलाओं की सुरक्षा, सम्मान और स्वावलंबन के लिए संचालित सरकारी योजनाओं, मिशन शक्ति केंद्र, साइबर हेल्पडेस्क और महिला हेल्पडेस्क की कार्यप्रणाली से अवगत कराया गया। उन्हें महिला संबंधी अपराधों, साइबर अपराध, मानव तस्करी और अपराध नियंत्रण से जुड़े विषयों की भी जानकारी दी गई। थाने पर फरियाद लेकर पहुंची महिलाओं की समस्याएं छात्रा थाना प्रभारी ने सुनीं और मौके पर उनके निस्तारण की कार्रवाई की।

इसके बाद छात्रा ने जीआरपी पुलिसकर्मियों के साथ अयोध्या और अयोध्या कैंट रेलवे स्टेशनों पर जागरूकता अभियान चलाया। प्लेटफॉर्म संख्या एक, दो, तीन और चार, सर्कुलेटिंग एरिया तथा आने-जाने वाली ट्रेनों में महिलाओं और बालिकाओं को नारी सुरक्षा, सम्मान, साइबर अपराधों से बचाव और यात्रा के दौरान बरती जाने वाली सावधानियों के बारे में बताया गया। इस दौरान मिशन शक्ति से संबंधित पंपलेट भी वितरित किए गए।

अभियान के दौरान महिलाओं को पुलिस आपातकालीन सेवा 112, वूमेन पावर हेल्पलाइन 1090, महिला हेल्पलाइन 181, मुख्यमंत्री हेल्पलाइन 1076, रेलवे हेल्पलाइन 139, आरपीएफ हेल्पलाइन 182, एंबुलेंस सेवा 108 और चाइल्ड हेल्पलाइन 1098 सहित विभिन्न सहायता नंबरों की जानकारी दी गई। कार्यक्रम में जीआरपी थाना अयोध्या कैंट के अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।

NO COMMENTS

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Exit mobile version