अयोध्या। मां दुर्गा की शोभायात्रा में गूंजते जयकारे, ढोल-नगाड़ों की थाप और आस्था के उल्लास के बीच चौक बजाजा में एक ऐसा पल आया, जब लोगों के कदम ठहर गए। पंजाब टेलरिंग के सामने स्व. दीपक श्रीवास्तव का चित्र सजा था। चित्र पर नजर पड़ते ही पुराने साथियों की स्मृतियां ताजा हो उठीं। किसी ने पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी तो किसी ने उनके साथ बिताए दिनों को याद किया। उत्सव के उल्लास के बीच श्रद्धा, आत्मीयता और स्मृतियों का यह संगम माहौल को भावुक कर गया। उनके पुत्र पत्रकार विशाल श्रीवास्तव मयंक श्रीवास्तव रचित श्रीवास्तव की ओर से आयोजित श्रद्धांजलि कार्यक्रम में विभिन्न राजनीतिक दलों के नेताओं, जनप्रतिनिधियों, सामाजिक कार्यकर्ताओं और दुर्गापूजा समितियों के पदाधिकारियों ने उन्हें नमन किया।
मां दुर्गा की प्रतिमा की शोभायात्रा निर्धारित समय पर जीआईसी मैदान से निकली थी। आस्था के रंग में रंगी शोभायात्रा जब चौक बजाजा स्थित उनके कार्यस्थल पर पहुंची तो वहां कुछ पल के लिए उत्सव के बीच स्मृतियों का पड़ाव बन गया। स्व. दीपक श्रीवास्तव को जानने वाले लोग उनके चित्र के सामने रुके और पुष्प अर्पित कर अपनी भावभीनी श्रद्धांजलि दी। उनके साथ सामाजिक और धार्मिक आयोजनों में बिताए समय का जिक्र हुआ तो पुराने प्रसंग भी जीवंत हो उठे।
भाजपा विधायक वेद प्रकाश गुप्ता और रामचंद्र यादव ने पार्टी कार्यकर्ताओं के साथ पहुंचकर पुष्पांजलि अर्पित की। सपा नेता एवं पूर्व मंत्री तेजनारायण पांडेय ने भी श्रद्धांजलि दी। केंद्रीय दुर्गापूजा समिति के अध्यक्ष मनोज जायसवाल, गगन जायसवाल और समिति के अन्य सदस्यों ने दुर्गापूजा आयोजन में स्व. श्रीवास्तव की सक्रिय भूमिका को याद किया। महिला मोर्चा महानगर अध्यक्ष अशोका द्विवेदी के नेतृत्व में महिला कार्यकर्ताओं ने भी पुष्प अर्पित किए।
विधायक वेद प्रकाश गुप्ता ने कहा कि दीपक श्रीवास्तव दुर्गापूजा के आयोजन में उनके साथ सक्रिय रूप से जुड़े रहते थे। कविंद साहनी ने पुराने दिनों को याद करते हुए बताया कि दुर्गापूजा की शुरुआत से ही दीपक श्रीवास्तव आयोजन से जुड़े थे। आठ-दस लोगों का एक समूह था, जिसमें उन्हें अपना नेता माना जाता था। साथ बैठकर चाय पीना और सामाजिक कार्यों में सहभागिता करना उनकी दिनचर्या का हिस्सा था।
इस अवसर पर लोगों ने उनके सामाजिक जुड़ाव और धार्मिक आयोजनों में योगदान को याद करते हुए श्रद्धांजलि अर्पित की। शोभायात्रा आगे बढ़ती रही, लेकिन अपने बीच से विदा हो चुके दीपक श्रीवास्तव की यादें लोगों के मन में कुछ पल के लिए ठहर गईं। इस अवसर पर नगर पालिका के पूर्व अध्यक्ष विजय गुप्ता, भाजपा नेता गिरीश पांडेय डिपुल, करुणाकर पांडेय, अभय सिंह, कांग्रेस के पूर्व जिलाध्यक्ष राजेंद्र प्रताप सिंह, उग्रसेन मिश्रा, रमेश चौरसिया, रामलाल जायसवाल, संजय रस्तोगी, हेमंत जायसवाल, रीना द्विवेदी, शकुंतला गौतम, काजल पाठक, आनंद अग्रहरि, राजू पहलवान, विकास सिंह, राजेश सिंह, धनंजय सिंह, धर्मेंद्र प्रताप सिंह टिल्लू, रोहिताश, शैलेंद्र, विक्रम सिंह, अजय वैद्य, अमृत राजपाल, लवकुश अग्रहरि, पृथ्वीराज अग्रहरि, विष्णु वैद्य, सचिन सरीन, राजन सिंह, मुकेश श्रीमाली, राहुल अग्रहरि, प्रेम प्रेमनाथ राय, अरुण साहू, रामेंद्र मोहन मिश्रा उर्फ पप्पू वेद, कमल सिंह, अश्वनी तिवारी उर्फ लालू और चंचल सोनकर सहित बड़ी संख्या में लोगों ने पुष्पांजलि अर्पित की।