◆ डीआईजी सोमेन वर्मा और एसएसपी डॉ. गौरव ग्रोवर ने शहीद स्तंभ पर पुष्प अर्पित कर वीर जवानों के बलिदान को किया नमन
अयोध्या। पुलिस स्मृति दिवस के अवसर पर बुधवार को रिजर्व पुलिस लाइन अयोध्या स्थित शहीद स्तंभ पर पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने शहीद पुलिसकर्मियों को श्रद्धांजलि अर्पित कर उनके सर्वोच्च बलिदान को नमन किया। इस दौरान पुलिस उपमहानिरीक्षक अयोध्या परिक्षेत्र सोमेन वर्मा और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. गौरव ग्रोवर ने शहीद स्तंभ पर पुष्प अर्पित कर कर्तव्य निर्वहन के दौरान अपने प्राणों की आहुति देने वाले पुलिसकर्मियों को श्रद्धांजलि दी।
कार्यक्रम में उपस्थित पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों ने मौन धारण कर शहीद पुलिसकर्मियों के बलिदान को स्मरण किया। इस अवसर पर उनके अदम्य साहस, कर्तव्यनिष्ठा और राष्ट्र के प्रति समर्पण को याद करते हुए उनके प्रति कृतज्ञता व्यक्त की गई।
पुलिस स्मृति दिवस पुलिस बल के उन जवानों के त्याग और समर्पण को याद करने का अवसर है, जिन्होंने कर्तव्य पालन के दौरान अपने प्राण न्योछावर कर दिए। शहीद पुलिसकर्मियों का सर्वोच्च बलिदान पुलिस बल के प्रत्येक सदस्य के लिए सदैव प्रेरणास्रोत रहेगा। अयोध्या पुलिस ने कर्तव्य पथ पर अपने प्राणों की आहुति देने वाले सभी वीर पुलिसकर्मियों को नमन करते हुए उनके बलिदान के प्रति कृतज्ञता व्यक्त की।