अंबेडकर नगर। एमआरए मेडिकल कॉलेज में रविवार को सूक्ष्मजीव विज्ञान विभाग की ओर से रोगाणुरोधी प्रतिरोध के प्रति जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। इसमें एंटीबायोटिक दवाओं के समुचित और विवेकपूर्ण इस्तेमाल पर जोर दिया गया।
प्राचार्य डॉ. मुकेश यादव के निर्देशन में आयोजित कार्यक्रम में एमबीबीएस के छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग किया। इस दौरान प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता भी आयोजित की गई, जिसके माध्यम से विद्यार्थियों को एंटीबायोटिक प्रतिरोध के कारणों और बचाव के उपायों की जानकारी दी गई।
कार्यक्रम में मेडिसिन विभागाध्यक्ष डॉ. मुकेश राणा, सीएमएस डॉ. बृजेश कुमार और ईएनटी विभागाध्यक्ष डॉ. प्रमोद यादव ने कहा कि एंटीबायोटिक दवाओं का अनावश्यक और अत्यधिक इस्तेमाल गंभीर समस्या बनता जा रहा है। इससे सूक्ष्मजीवों में दवाओं के प्रति प्रतिरोधक क्षमता विकसित हो रही है, जिससे सामान्य संक्रमण का इलाज भी मुश्किल हो सकता है।
चिकित्सकों ने कहा कि एंटीबायोटिक का इस्तेमाल सही निदान के आधार पर ही किया जाना चाहिए। निर्धारित खुराक और अवधि का पालन करना भी जरूरी है। इस मौके पर डॉ. मनोज गुप्ता, डॉ. अजय, डॉ. अनिल यादव, डॉ. निहारिका, डॉ. दिशाद, डॉ. विशेष और डॉ. सुनील सिंह समेत अन्य चिकित्सक मौजूद रहे।