अम्बेडकरनगर। प्रधानमंत्री आवास योजना ग्रामीण के तहत वर्ष 2024-25 में कराए गए सर्वेक्षण में पात्र पाए गए लाभार्थियों की सूची के अनुमोदन के लिए जनपद की ग्राम सभाओं में 6 जून से 20 जून तक रोस्टरवार बैठकें आयोजित की जाएंगी। इन बैठकों में ग्राम सभा के माध्यम से पात्र लाभार्थियों की सूची का अनुमोदन किया जाएगा।
इस संबंध में जिलाधिकारी ईशा प्रिया ने बुधवार को कलेक्ट्रेट सभागार में बैठक कर अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। बैठक में मुख्य विकास अधिकारी आनंद कुमार शुक्ला एवं जिला विकास अधिकारी/प्रभारी परियोजना अधिकारी डीआरडीए सहित सभी खंड विकास अधिकारी मौजूद रहे।
जिलाधिकारी ने निर्देश दिया कि ग्राम सभा बैठकों का व्यापक प्रचार-प्रसार कराया जाए, ताकि अधिक से अधिक ग्रामीण बैठक में शामिल होकर अपनी सहभागिता सुनिश्चित कर सकें। उन्होंने कहा कि पात्र लाभार्थियों के चयन एवं सूची अनुमोदन की प्रक्रिया पूरी तरह पारदर्शी, निष्पक्ष और शासन की मंशा के अनुरूप होनी चाहिए।
उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि ग्राम सभा की कार्यवाही और अनुमोदित सूची को शासन द्वारा निर्धारित प्रारूप के अनुसार समयबद्ध तरीके से ऑनलाइन अपलोड किया जाए, जिससे पात्र लाभार्थियों को योजना का लाभ जल्द से जल्द मिल सके।
बैठक में जिलाधिकारी ने सभी खंड विकास अधिकारियों को रोस्टर के अनुसार ग्राम सभा बैठकों का सुव्यवस्थित एवं नियमानुसार आयोजन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि योजना के क्रियान्वयन में किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी तथा पात्र लोगों तक आवास योजना का लाभ पहुंचाना प्रशासन की प्राथमिकता है।