Home Uncategorized बाढ़ से निपटने को प्रशासन अलर्ट, 14 बाढ़ चौकियां व 13 राहत...

बाढ़ से निपटने को प्रशासन अलर्ट, 14 बाढ़ चौकियां व 13 राहत शिविर तैयार

0

अम्बेडकरनगर। आगामी मानसून और संभावित बाढ़ को लेकर जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। बुधवार को कलेक्ट्रेट सभागार में जिलाधिकारी ईशा प्रिया की अध्यक्षता में आयोजित समीक्षा बैठक में बाढ़ एवं आपदा प्रबंधन से जुड़ी व्यवस्थाओं का जायजा लिया गया। बैठक में बताया गया कि जनपद के टांडा और आलापुर तहसील के 34 गांव बाढ़ प्रभावित श्रेणी में चिन्हित हैं, जहां राहत एवं बचाव कार्यों के लिए 14 बाढ़ चौकियां, 13 राहत शिविर, 40 नावें, 90 नाविक और 31 गोताखोर तैनात किए गए हैं।
जिलाधिकारी ने बाढ़ नियंत्रण कक्ष को पूरी तरह सक्रिय रखने तथा सभी विभागों को समन्वय के साथ कार्य करने के निर्देश दिए। उन्होंने सभी नाविकों का प्रशिक्षण 20 जून तक एफडीआरएफ के माध्यम से कराने और नावों की आवश्यक मरम्मत सुनिश्चित करने को कहा। साथ ही प्रमुख घाटों पर श्रद्धालुओं की सुरक्षा के लिए बांस की डबल लेयर बैरिकेडिंग कराने के निर्देश दिए।
बैठक में स्वास्थ्य विभाग को दवाओं, मेडिकल टीमों और संक्रामक रोगों की रोकथाम की तैयारी रखने, जबकि पशुपालन विभाग को बाढ़ संभावित क्षेत्रों में पशुओं का शत-प्रतिशत टीकाकरण कराने के निर्देश दिए गए। नगर निकायों को नालों की सफाई, जल निकासी और जलभराव की स्थिति में त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा गया।
जिलाधिकारी ने कहा कि प्रशासन किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए पूरी तरह तैयार है। उन्होंने सभी विभागों को खाद्यान्न, पेयजल, पशुचारा और अन्य आवश्यक संसाधनों की अग्रिम व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

NO COMMENTS

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Exit mobile version