◆ जल जीवन मिशन के तहत पाइपलाइन बिछाने के बाद क्षतिग्रस्त हुई सड़कों का पुनर्स्थापना अभियान शुरू
अयोध्या। जल जीवन मिशन के तहत पाइपलाइन बिछाने के लिए खोदी गई सड़कों के पुनर्स्थापना का काम अयोध्या में शुरू हो गया है। उत्तर प्रदेश जल निगम (ग्रामीण) की ओर से एक अक्टूबर से 10 नवंबर तक विशेष रोड रेस्टोरेशन अभियान चलाया जा रहा है। अभियान के तहत जिले के 195 गांवों में करीब 42 किलोमीटर क्षतिग्रस्त मार्गों की मरम्मत कराई जाएगी।
जल जीवन मिशन के तहत जनपद के 1,144 राजस्व ग्रामों में घर-घर पेयजल पहुंचाने के लिए 10,542 किलोमीटर पाइपलाइन बिछाई गई है। पाइपलाइन डालने के दौरान करीब 5,571 किलोमीटर सड़कों की खुदाई की गई थी। इनमें से 5,529 किलोमीटर मार्गों का पुनर्स्थापना कार्य पूरा हो चुका है।
जल निगम के अनुसार, जिले के 949 राजस्व ग्रामों में सड़कों का शत-प्रतिशत पुनर्स्थापना कार्य पूरा हो चुका है। शेष 195 गांवों में क्षतिग्रस्त सड़कों की मरम्मत अभियान के दौरान प्राथमिकता के आधार पर कराई जाएगी।
सड़क खराब होने पर ऐप से कर सकेंगे शिकायत
पाइपलाइन बिछाने के बाद यदि किसी गांव में सड़क अब तक दुरुस्त नहीं हुई है तो ग्रामीण जलसारथीऐप के माध्यम से शिकायत दर्ज करा सकते हैं। शिकायत के साथ सड़क की स्थिति की फोटो और वीडियो भी अपलोड की जा सकती है। शिकायत संबंधित अधिकारियों को भेजकर कार्रवाई कराई जाएगी और इसकी निगरानी जल निगम मुख्यालय स्तर से की जाएगी।
ग्रामीण पेयजल योजनाओं से संबंधित शिकायत के लिए टोल फ्री नंबर 1800-1212-164 और जल समाधान ऐप सहित अन्य माध्यम भी उपलब्ध हैं। रोड रेस्टोरेशन अभियान के लिए जल सारथी ऐप में विशेष सुविधा भी उपलब्ध कराई गई है।
ऐसे दर्ज होगी शिकायत
जल सारथी ऐप में ‘सड़क पुनर्स्थापना/मरम्मत अभियान’ विकल्प का चयन करने के बाद ग्रामीण को अपना नाम, गांव और पूरा पता दर्ज करना होगा। इसके बाद सड़क की स्थिति से संबंधित फोटो और वीडियो अपलोड कर शिकायत दर्ज की जा सकती है।
10 नवंबर तक चलेगा अभियान
उत्तर प्रदेश जल निगम (ग्रामीण), निर्माण खंड अयोध्या के अधिशासी अभियंता अरविंद यादव ने बताया कि पाइपलाइन बिछाने के दौरान विभिन्न प्रकार की सड़कों की खुदाई करनी पड़ी थी। पाइपलाइन का काम पूरा होने के बाद अधिकांश मार्गों का पुनर्स्थापना कार्य कराया जा चुका है। शेष 195 गांवों में सड़कों को दुरुस्त करने के लिए एक अक्टूबर से अभियान शुरू किया गया है। उन्होंने बताया कि अभियान के दौरान शेष मार्गों की मरम्मत प्राथमिकता के आधार पर कराई जाएगी। जल सारथी ऐप Google Play Store से डाउनलोड किया जा सकता है।