Home Ayodhya/Ambedkar Nagar अयोध्या सरयू की लहरों पर आस्था का उजास, अस्ताचलगामी सूर्य को अर्घ्य देकर...

सरयू की लहरों पर आस्था का उजास, अस्ताचलगामी सूर्य को अर्घ्य देकर मांगी सुख-समृद्धि

0

◆ रामनगरी में छठ महापर्व पर उमड़ा श्रद्धा का सैलाब, नया घाट, कच्चा घाट और गुप्तार घाट पर गूंजे छठी मैया के गीत


अयोध्या। सरयू की लहरों पर ढलते सूरज की सुनहरी आभा और घाटों पर गूंजते छठी मैया के गीत… आस्था, विश्वास और समर्पण का ऐसा दृश्य कि पूरी रामनगरी भक्तिमय हो उठी। लोक आस्था के महापर्व छठ पर रविवार की शाम अयोध्या के सरयू तट पर श्रद्धा का सैलाब उमड़ पड़ा। नया घाट, कच्चा घाट और गुप्तार घाट पर हजारों श्रद्धालुओं ने पहुंचकर अस्ताचलगामी सूर्य को अर्घ्य दिया। जल में खड़ी व्रती महिलाओं की आस्था और भक्ति ने सरयू के तट को अलौकिक बना दिया।


छठी मैया के गीतों से गूंजे घाट


गुप्तार घाट पर छठ महापर्व की विशेष छटा देखने को मिली। पारंपरिक वेशभूषा में सजी व्रती महिलाएं सिर पर पूजा सामग्री से भरे दउरा और हाथों में फल, ठेकुआ तथा प्रसाद से सजे सूप लेकर घाट पहुंचीं। उनके साथ परिवार के अन्य सदस्य भी पूजा में शामिल हुए। जैसे-जैसे सूर्य क्षितिज की ओर बढ़ा, वैसे-वैसे घाटों पर श्रद्धालुओं की भीड़ बढ़ती गई। छठी मैया के पारंपरिक गीतों की गूंज ने वातावरण को भक्तिरस से सराबोर कर दिया। ‘केलवा जे फरेला घवद से, ओह पर सुगा मेड़राय…’ जैसे लोकगीतों के बीच व्रतियों ने पूरी श्रद्धा से पूजा-अर्चना की।


36 घंटे के निर्जला व्रत में अटूट आस्था


छठ व्रतियों ने सरयू के पवित्र जल में खड़े होकर विधि-विधान से सूर्यदेव और छठी मैया की आराधना की। परिवार की सुख-समृद्धि, खुशहाली और संतान की दीर्घायु की कामना के साथ अस्त होते सूर्य को अर्घ्य अर्पित किया। 36 घंटे के निर्जला व्रत की कठिन साधना के बावजूद व्रती महिलाओं के चेहरे पर उत्साह और अटूट आस्था का भाव दिखाई दिया। घाटों पर बच्चों से लेकर बुजुर्गों तक की मौजूदगी ने पर्व की सामूहिकता और पारिवारिक परंपरा को जीवंत कर दिया।


घाटों पर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम


छठ महापर्व पर श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को देखते हुए प्रशासन की ओर से सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए थे। सरयू नदी में एसडीआरएफ की टीम तैनात रही, जबकि घाटों पर पुलिस बल के जवान मुस्तैद रहे। श्रद्धालुओं की सुरक्षा के लिए बैरिकेडिंग, प्रकाश व्यवस्था और गोताखोरों की भी तैनाती की गई थी। सोमवार की सुबह उगते सूर्य को अर्घ्य अर्पित करने के साथ चार दिवसीय छठ महापर्व का समापन होगा।

NO COMMENTS

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Exit mobile version