◆ योगी सरकार के विकास पर भी खुलकर बोले बाबरी मस्जिद के पूर्व पक्षकार, कहा- योगी जी की देन है बदली हुई अयोध्या
अयोध्या। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव के 12 दिसंबर को प्रस्तावित अयोध्या दौरे से पहले बाबरी मस्जिद के पूर्व पक्षकार इकबाल अंसारी ने साफ संदेश दिया है। उन्होंने कहा कि अयोध्या भगवान राम की नगरी है। यहां आने वाले हर व्यक्ति का सम्मान है। जो भी आए, सरयू में स्नान करे और भगवान राम के दर्शन करे। अयोध्या में विरोध और विवाद की नहीं, मर्यादा और सम्मान की परंपरा है।
अखिलेश यादव के दौरे को लेकर पूछे गए सवाल पर इकबाल अंसारी ने कहा कि हम अयोध्या के रहने वाले हैं और सभी के लिए सम्मान रखते हैं। मर्यादा पुरुषोत्तम भगवान राम की नगरी में आने वाले हर व्यक्ति का स्वागत है। जो भगवान की शरण में आएगा, भगवान उसकी सुनेंगे। सभी को उनके बताए रास्ते पर चलना चाहिए।
इकबाल अंसारी ने अयोध्या में हुए विकास कार्यों को लेकर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की जमकर सराहना की। उन्होंने कहा कि आज अयोध्या की तस्वीर बदल गई है। मठ-मंदिरों का विकास हुआ है, सड़कें चौड़ी हुई हैं, कुंड और पार्क बने हैं। शहर में श्रद्धालुओं के लिए सुविधाएं बढ़ी हैं। यह मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की देन है कि आज अयोध्या देशभर के लोगों के आकर्षण का केंद्र बन गई है। लोगों के मन में अयोध्या आकर भगवान राम के दर्शन करने की इच्छा है।
उन्होंने कहा कि भगवान राम का भव्य मंदिर बन चुका है और श्रद्धालु पूजा-पाठ कर रहे हैं। उनका संत समाज से आज भी लगाव है। वह साधु-संतों का सम्मान करते हैं। अयोध्या की पहचान भगवान राम और उनकी मर्यादा से है।
वर्ष 2019 में सुप्रीम कोर्ट के फैसले को लेकर इकबाल अंसारी ने कहा कि अदालत अपना फैसला सुना चुकी है। भगवान राम का मंदिर बन गया है और वहां पूजा-पाठ हो रहा है। अब पुरानी बातों को याद करने का कोई मतलब नहीं है। सभी मंदिरों का सम्मान होना चाहिए। विरोध करना उचित नहीं है।
उन्होंने दो टूक कहा कि अयोध्या में रहने वालों को मर्यादा के साथ रहना चाहिए। भगवान राम मर्यादा पुरुषोत्तम हैं, इसलिए उनके बताए रास्ते पर चलना ही उचित है। अयोध्या आने वाले सभी लोगों के लिए उनके मन में सम्मान है।