अयोध्या। वशिष्ठ फाउंडेशन ट्रस्ट की ओर से इस वर्ष का वशिष्ठ सम्मान जगतगुरु रामानुजाचार्य स्वामी वासुदेवाचार्य विद्याभास्कर को प्रदान किया जाएगा। वहीं, स्वतंत्रता सेनानी बृजनंदन ब्रह्मचारी के नाम से दिया जाने वाला सम्मान सामाजिक संस्था दि आयुष्मान फाउंडेशन को दिया जाएगा। दोनों सम्मान आगामी चार अक्टूबर को आयोजित समारोह में प्रदान किए जाएंगे।
नयाघाट स्थित गुरुपीठ तिवारी मंदिर के सभागार में हुई ट्रस्ट की बैठक में सम्मान के लिए चयन का निर्णय लिया गया। बैठक की अध्यक्षता ट्रस्ट के अध्यक्ष एवं महापौर महंत गिरीश पति त्रिपाठी ने की।
ट्रस्ट की सचिव राजलक्ष्मी तिवारी ने बताया कि पंडित उमापति त्रिपाठी के जन्मोत्सव के अवसर पर प्रदान किए जाने वाले वशिष्ठ सम्मान के लिए इस वर्ष जगतगुरु रामानुजाचार्य स्वामी वासुदेवाचार्य विद्याभास्कर का चयन किया गया है। उन्हें वेद-वेदांग, पुराण एवं उपनिषद के अध्ययन तथा सनातन धर्म के क्षेत्र में योगदान के लिए सम्मानित किया जाएगा।
उन्होंने बताया कि वशिष्ठ सम्मान की शुरुआत वर्ष 2018 में हुई थी। यह सम्मान साहित्य एवं सनातन धर्म के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान करने वाले व्यक्तियों को प्रदान किया जाता है।
इसी क्रम में बृजनंदन ब्रह्मचारी सम्मान के लिए दि आयुष्मान फाउंडेशन का चयन किया गया है। संस्था शिक्षा, रक्तदान, वृद्धजनों तथा बेजुबान प्राणियों की सेवा से जुड़े कार्यों में सक्रिय है। ट्रस्ट के अनुसार सामाजिक क्षेत्र में संस्था के कार्यों को देखते हुए इस सम्मान के लिए उसका चयन किया गया है।
बैठक में सम्मान समारोह की तैयारियों को लेकर भी चर्चा की गई। ट्रस्ट पदाधिकारियों एवं सदस्यों ने चार अक्टूबर को होने वाले कार्यक्रम को लेकर आवश्यक व्यवस्थाओं पर विचार-विमर्श किया।