◆ जिलाधिकारी ने नवीन मंडी सदर में धान खरीद और किसानों को मिल रही सुविधाओं का लिया जायजा, सचिव से मांगा जाएगा स्पष्टीकरण
अयोध्या। नवीन मंडी स्थल सदर स्थित राजकीय धान क्रय केंद्र के निरीक्षण में मंडी सचिव अनुपस्थित मिले। इस पर जिलाधिकारी शशांक त्रिपाठी ने कड़ी नाराजगी जताते हुए संबंधित अधिकारी को मंडी सचिव से स्पष्टीकरण मांगने और नियमानुसार वेतन रोकने की कार्रवाई करने के निर्देश दिए।
रविवार को निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने धान खरीद की प्रगति का जायजा लिया। उन्होंने केंद्र पर मौजूद किसानों से सीधे बातचीत कर खरीद प्रक्रिया, धान के क्रय और केंद्र पर उपलब्ध सुविधाओं की जानकारी ली। किसानों से यह भी पूछा कि धान बेचने में उन्हें किसी तरह की परेशानी तो नहीं हो रही है।
जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया कि किसानों का धान निर्धारित मानकों के अनुसार पारदर्शी तरीके से खरीदा जाए। क्रय केंद्र पर किसानों को किसी प्रकार की असुविधा नहीं होनी चाहिए और शासन की ओर से निर्धारित सभी सुविधाएं समय से उपलब्ध कराई जाएं। उन्होंने खरीद प्रक्रिया में लापरवाही और अनियमितता पर रोक लगाने के साथ किसानों की समस्याओं का तत्काल समाधान करने के निर्देश भी दिए।
निरीक्षण के दौरान मंडी सचिव की गैरमौजूदगी पर डीएम ने नाराजगी जताई। उन्होंने स्पष्ट किया कि सरकारी कार्यों में लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। इस दौरान अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) अमित कुमार भट्ट सहित अन्य संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।