Home Ayodhya/Ambedkar Nagar अयोध्या दवा में कमीशन मांगने का ऑडियो वायरल होने के बाद मेडिकल कॉलेज...

दवा में कमीशन मांगने का ऑडियो वायरल होने के बाद मेडिकल कॉलेज के वार्ड ब्वॉय पर गिरी गाज

0
ayodhya samachar

◆ सेवा प्रदाता एजेंसी ने किया निलंबित, 48 घंटे में मांगा स्पष्टीकरण; कॉलेज प्रशासन भी करा रहा मामले की जांच


अयोध्या। राजर्षि दशरथ मेडिकल कॉलेज से जुड़े दवा में कमीशन मांगने के कथित ऑडियो के सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद एक वार्ड ब्वॉय के खिलाफ कार्रवाई की गई है। कॉलेज के प्राचार्य के निर्देश पर सेवा प्रदाता एजेंसी ने आरोपी वार्ड ब्वॉय आदित्य गौतम को निलंबित कर दिया है। साथ ही उसे 48 घंटे के भीतर अपना स्पष्टीकरण देने का निर्देश दिया गया है। उधर, कॉलेज प्रशासन भी मामले की जांच करा रहा है।

फ्यूजन टेक मल्टी सर्विस की ओर से जारी पत्र में कहा गया है कि एजेंसी को वार्ड ब्वॉय आदित्य गौतम से संबंधित एक ऑडियो रिकॉर्डिंग प्राप्त हुई है। इसमें बाहर के दवा विक्रेताओं से दवाओं की बिक्री के बदले कथित कमीशन को लेकर बातचीत किए जाने की बात सामने आई है। इस संबंध में उससे 48 घंटे के भीतर अपना पक्ष रखने को कहा गया है। जांच पूरी होने तक उसे निलंबित रखने का आदेश भी जारी किया गया है।

दरअसल, शनिवार को सोशल मीडिया पर एक ऑडियो वायरल हुआ था। इसमें दो व्यक्तियों के बीच दवाओं की बिक्री पर मिलने वाले कमीशन को लेकर बातचीत हो रही थी। ऑडियो में विभिन्न प्रकार की दवाओं पर कमीशन की दरों का भी जिक्र किया गया है। इसे राजर्षि दशरथ मेडिकल कॉलेज से जुड़ा बताया जा रहा था।

ऑडियो वायरल होने के बाद मेडिकल कॉलेज प्रशासन ने मामले को गंभीरता से लिया। प्राचार्य डॉ. दिनेश मर्तोलिया ने इस प्रकरण में कड़ी कार्रवाई की बात कही थी। इसके बाद एजेंसी ने संबंधित वार्ड ब्वॉय के खिलाफ निलंबन और स्पष्टीकरण की कार्रवाई की है। फिलहाल मामले की जांच जारी है।

NO COMMENTS

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Exit mobile version