Home Ayodhya/Ambedkar Nagar अयोध्या युवा-संवाद करेगा मनोअंतर्दृष्टि का विकास

युवा-संवाद करेगा मनोअंतर्दृष्टि का विकास

0

◆ दो तिहाई मनोरोग की शुरुआत युवा अवस्था में, अंधविश्वास व संकोच मनोउपचार में बड़ी बाधा


अयोध्या। बदलते सामाजिक परिवेश में मानसिक स्वास्थ्य युवाओं के लिए महत्वपूर्ण विषय बनता जा रहा है। मानसिक स्वास्थ्य के प्रति युवाओं को जागरूक करने के उद्देश्य से आकाशवाणी अयोध्या एवं डॉ. राम मनोहर लोहिया अवध विश्वविद्यालय के संयुक्त तत्वावधान में 8 अक्टूबर को युवा-संवाद कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। कार्यक्रम दोपहर 12 से 1 बजे तक विश्वविद्यालय के सरदार पटेल राष्ट्रीय एकता केंद्र, तुलसी भवन, वशिष्ठ परिसर में होगा।

कार्यक्रम में मानसिक स्वास्थ्य विशेषज्ञ युवाओं से संवाद करेंगे। वहीं युवा भी मानसिक स्वास्थ्य से जुड़े विषयों पर अपनी बात बेझिझक साझा कर सकेंगे। कार्यक्रम का उद्देश्य युवाओं में मानसिक स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता बढ़ाने के साथ उनकी मनोअंतर्दृष्टि और मनोसंवर्धन को विकसित करना है।

कुलपति डॉ. बिजेंद्र सिंह के मार्गदर्शन, प्रो. सुरेंद्र मिश्र के संयोजन तथा आकाशवाणी केंद्र अयोध्या के प्रभारी आशीष चतुर्वेदी के सहसंयोजन में आयोजित इस कार्यक्रम में अधिक से अधिक युवाओं की भागीदारी के लिए डॉ. शिवांश कुमार एवं डॉ. अंकित मिश्र युवा प्रेरक के रूप में कार्य कर रहे हैं।

कार्यक्रम के नामित विशेषज्ञ वक्ता एवं जिला चिकित्सालय के मनोपरामर्शदाता डॉ. आलोक मनदर्शन ने बताया कि करीब दो तिहाई मनोरोगों की शुरुआत युवा अवस्था में ही होती है। उन्होंने कहा कि संकोच, शर्मिंदगी, अज्ञानता और अंधविश्वास के कारण मानसिक समस्याओं का समय से निदान और उपचार नहीं हो पाता, जिससे कई बार स्थिति गंभीर हो जाती है।

उन्होंने कहा कि युवा-संवाद युवाओं के लिए एक प्रकार का ‘मनोदर्पण’ साबित होगा, जिसके माध्यम से वे अपनी मानसिक स्थिति को समझने और समय रहते आवश्यक सहायता लेने के प्रति जागरूक होंगे।

विश्व मानसिक स्वास्थ्य दिवस के अवसर पर इस कार्यक्रम का प्रसारण 10 अक्टूबर को सुबह 8:15 बजे आकाशवाणी अयोध्या के विभिन्न प्लेटफॉर्मों के माध्यम से किया जाएगा। गौरतलब है कि प्रत्येक वर्ष 10 अक्टूबर को विश्व मानसिक स्वास्थ्य दिवस मनाया जाता है।

NO COMMENTS

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Exit mobile version