Home Ayodhya/Ambedkar Nagar अयोध्या सरयू-कमला एक्सप्रेस के रवाना होते हुए श्रद्धालुओं ने किया माता सीता व...

सरयू-कमला एक्सप्रेस के रवाना होते हुए श्रद्धालुओं ने किया माता सीता व श्रीराम का जयघोष

0

◆ अयोध्या धाम रेलवे स्टेशन पर आयोजित कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने हरी झंडी दिखाकर ट्रेन को किया रवाना


◆ अयोध्या से जनकपुर धाम की 604 किलोमीटर दूरी लगभग 19 घंटे में पूरी होगी


अयोध्या। प्रभु श्रीराम की नगरी अयोध्या से माता सीता की जन्मस्थली जनकपुर धाम तक सीधी रेल सेवा शुरू हो गई है। सरयू-कमला एक्सप्रेस के शुभारंभ के बाद से अयोध्या ही नहीं बल्कि देश भर में खुशी का माहौल है। दिल्ली से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और नेपाल के प्रधानमंत्री बालेंद्र शाह ने संयुक्त रूप से वर्चुअल माध्यम से सरयू-कमला एक्सप्रेस का शुभारंभ किया। वहीं अयोध्या धाम रेलवे स्टेशन पर आयोजित भव्य कार्यक्रम में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने ट्रेन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। जैसे ही ट्रेन ने अयोध्या से जनकपुर के लिए प्रस्थान किया, स्टेशन पर मौजूद श्रद्धालुओं ने जय श्रीराम और जय सीता मैया के जयकारे लगाए।
ट्रेन शुरू होने की खबर सुनकर अयोध्या आए श्रद्धालुओं में जबरदस्त उत्साह देखने को मिला। लोगों का कहना है कि अब उन्हें जनकपुर जाने के लिए बस बदलने या लंबी सड़क यात्रा की परेशानी नहीं उठानी पड़ेगी। श्रद्धालुओं का कहना है कि इस ट्रेन से रामायण सर्किट को नई गति मिलेगी और अयोध्या के साथ-साथ जनकपुर में भी धार्मिक पर्यटन बढ़ेगा।


रामलला दर्शन के बाद सीधे सीता मैया के धाम जा सकेंगे


खुशबू ने कहा कि हम कई बार सोचते थे कि जनकपुर जाएं, लेकिन रास्ते की परेशानी के कारण जा नहीं पाते थे। अब ट्रेन शुरू हो गई है, तो रामलला के दर्शन के बाद सीधे सीता मैया के धाम जा सकेंगे। यह हमारे लिए बहुत बड़ी खुशी की बात है।


प्रधानमंत्री और मुख्यमंत्री ने बहुत अच्छा काम किया


गोविंद सिंह ने कहा कि यह ट्रेन सिर्फ दो शहरों को नहीं जोड़ रही, बल्कि दो देशों को जोड़ रही है। अयोध्या से नेपाल जुड़ेगा तो भारत-नेपाल के संबंध और मजबूत होंगे। व्यापार, पर्यटन और आपसी भाईचारा बढ़ेगा। प्रधानमंत्री और मुख्यमंत्री ने बहुत अच्छा काम किया है।


सीधी सेवा शुरू होने से बुजुर्ग श्रद्धालुओं को मिलेगी बड़ी राहत


अरविंद पाल ने कहा कि पहले जनकपुर जाने में पूरा दिन लग जाता था, बुजुर्गों को बहुत तकलीफ होती थी। अब 19 घंटे में सीधी ट्रेन से पहुंच जाएंगे। बीच में ट्रेन बदलनी भी नहीं होगी। यह सुविधा बुजुर्ग श्रद्धालुओं के लिए सबसे बड़ी राहत है।


अयोध्या-जनकपुर रेल संपर्क भारत-नेपाल की सांस्कृतिक मैत्री को देगा नई मजबूती


दीक्षा यादव ने कहा कि अयोध्या से जनकपुर धाम के बीच सरयू-कमला एक्सप्रेस का शुभारंभ भारत और नेपाल के ऐतिहासिक, धार्मिक एवं सांस्कृतिक संबंधों को नई मजबूती देने वाला कदम है। प्रभु श्रीराम की जन्मभूमि अयोध्या और माता सीता की जन्मस्थली जनकपुर को रेलमार्ग से जोड़ना हम सभी के लिए गर्व का विषय है। इससे श्रद्धालुओं और पर्यटकों की यात्रा सुगम होगी तथा दोनों देशों के बीच आपसी जुड़ाव, पर्यटन और व्यापार को भी बढ़ावा मिलेगा। यह रेलसेवा निश्चित रूप से दोनों देशों की मैत्री का नया सेतु बनेगी।


604 किलोमीटर की दूरी लगभग 19 घंटे में पूरी होगी


अयोध्या कैंट से जनकपुर धाम के बीच करीब 604 किलोमीटर की दूरी लगभग 19 घंटे में पूरी होगी। यह सेवा सप्ताह में एक दिन संचालित होगी। गाड़ी संख्या 15596 अयोध्या कैंट से प्रत्येक सोमवार शाम 5ः50 बजे रवाना होगी और मंगलवार दोपहर 12ः40 बजे जनकपुर धाम पहुंचेगी। वापसी में गाड़ी संख्या 15595 प्रत्येक शनिवार दोपहर 1ः10 बजे जनकपुर धाम से चलकर रविवार सुबह 8ः10 बजे अयोध्या कैंट पहुंचेगी।


दस स्टेशन पर होगा ट्रेन का होगा ठहराव


ट्रेन का संचालन आधुनिक 17 कोच वाले एलएचबी रैक से किया जाएगा। इसमें एसी, स्लीपर सहित सभी सुविधाएं होंगी। जयनगर, मधुबनी, शीशो, सीतामढ़ी, रक्सौल, नरकटियागंज, गोरखपुर, बस्ती, मनकापुर और अयोध्या धाम सहित 10 स्टेशनों पर ठहराव दिया गया है।

NO COMMENTS

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Exit mobile version