◆ मुख्यमंत्री ने अपना पूरा सम्बोधन सपा को विकास विरोधी बताने में किया केन्द्रित
◆ सपा द्वारा महापुरुषों के नामांकरण का विरोध करने के प्रकरण को प्रमुखता से उठाया
◆ कहा कि – सपा का सांसद जो नौटंकी कर रहा है उसमें भी सपा दरिंदा होगा शामिल
◆ कहा कि – हर माफिया, दुष्चरित्र के साथ सपा है
अयोध्या। मिल्कीपुर के विधानसभा स्थित माधव सर्वोदय इंटर कालेज में उपचुनाव के दौरान आयोजित जनसभा के दौरान मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अयोध्या में विकास की योजनाओं के दौरान सपा के विरोध को प्रमुखता से उठाया। उन्होंने कहा कि अयोध्या का विकास हो रहा है। प्रयास यहां के जनप्रतिनिधियों का है, पैसा सरकार दे रही है, लेकिन पीड़ा समाजवादी पार्टी को हो रही है। जब हमने विकास की किसी योजना को बढ़ाया, सपा ने विरोध किया। हम सड़को को चौड़ा कर रहे थे, 17 सौ करोड़ से अधिक की धनराशि मुआवजे के तौर पर वितरित किया। सपा नाजायज तरीके से विरोध कर रही थी।

उन्होंने कहा कि जब हम इंटरनेशनल एयरपोर्ट का निर्माण कर रहे थे, तब भी सपा विरोध कर रही थी। राममंदिर का शिलान्यास के साथ 500 वर्षो के बाद रामलला के विराजमान होने का सपा ने विरोध किया। अयोध्या के इंटरनेशनल एयरपेर्ट के निर्माण का भी सपा ने विरोध किया था। निषादराज के नाम पर रैन बसेरे व मां शबरी के नाम पर रेस्टोरेंट का सपा ने विरोध किया था। सपा को पीड़ा हो रही है। सपा की पीड़ा को आप समझ सकते है। सपा पार्टी के अध्यक्ष ने पिछले दो महीने के ट्वीट को देखिए, जो भी वक्तव्य दिए है। इस सदी के सबसे बड़े सांस्कृतिक व आध्यात्मिक महाकुम्भ का विरोध करते हुए उनके ट्वीट आए है। 34 करोड़ लोग प्रयागराज के त्रिवेणी संगम में आस्था की डुबकी लगा चुके है। देश दुनिया के श्रद्धालु आ रहे है। सनातन धर्म का गौरव बढ़ता हुआ देखकर सपा को पीड़ा होती है।
