अयोध्या। गुजरात के वड़ोदरा में आयोजित 72 वीं सीनियर नेशनल मेन्स कबड्डी चैंपियनशिप में उत्तर प्रदेश की टीम ने कांस्य पदक हासिल किया है। तीसरे स्थान के मुकाबले में टीम ने सर्विसेज को पराजित किया। इस उपलब्धि के बाद उत्तर प्रदेश कबड्डी एसोसिएशन के प्रदेश अध्यक्ष विकास सिंह के अयोध्या आगमन पर सहादतगंज स्थित उनके आवास पर खिलाड़ियों, खेल प्रेमियों और स्थानीय लोगों ने उनका स्वागत किया।
इस दौरान लोगों ने उन्हें फूल-मालाएं पहनाकर बधाई दी और टीम के प्रदर्शन पर खुशी जताई। विकास सिंह ने बताया कि वड़ोदरा में आयोजित प्रतियोगिता में 29 राज्यों के अलावा रेलवे और सर्विसेज सहित कुल 31 टीमों ने भाग लिया था। उन्होंने कहा कि प्रतिस्पर्धी माहौल में उत्तर प्रदेश की टीम ने बेहतर प्रदर्शन करते हुए सर्विसेज को हराकर कांस्य पदक जीता।
उन्होंने बताया कि प्रतियोगिता में अच्छा प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों के लिए अंतरराष्ट्रीय टीम में चयन, पुलिस, रेलवे, आयकर और बीपीसीएल जैसे विभागों में नौकरी तथा प्रो कबड्डी लीग में खेलने के अवसर बढ़ जाते हैं। उन्होंने कहा कि पिछले एक वर्ष में उत्तर प्रदेश की कबड्डी टीम का प्रदर्शन लगातार बेहतर रहा है। राष्ट्रीय खेल (उत्तराखंड) में स्वर्ण पदक, ओडिशा में आयोजित सीनियर नेशनल चैंपियनशिप में कांस्य पदक और आंध्र प्रदेश में आयोजित जूनियर नेशनल कबड्डी चैंपियनशिप में रजत पदक हासिल किया है।
इस मौके पर टीम के कप्तान अर्जुन देशवाल, विनय तेवतिया, आशु सिंह, शुभम बालियान, नितिन पवार, साहुल कुमार और उदय डभास सहित सभी खिलाड़ियों, कोच-मैनेजर और उत्तर प्रदेश कबड्डी एसोसिएशन के पदाधिकारियों को बधाई दी गई।