अयोध्या। मध्य पूर्व में बढ़े सैन्य तनाव के कारण अंतरराष्ट्रीय उड़ानें प्रभावित होने से अबू धाबी में फंसे अयोध्या स्थित दशरथ राजमहल के पीठाधीश्वर बिन्दुगद्याचार्यस्वामीदेवेन्द्रप्रसादाचार्य गुरुवार को सकुशल अयोध्या पहुंच गए। करीब एक सप्ताह तक विदेश में रुकने के बाद उनके अयोध्या आगमन पर श्रद्धालुओं और समर्थकों ने राहत व्यक्त की।
जानकारी के अनुसार, स्वामी देवेन्द्र प्रसादाचार्य 27 फरवरी को धार्मिक यात्रा पर अबू धाबी गए थे। वहां उन्होंने हाल ही में बने भव्य स्वामीनारायण मंदिर के दर्शन किए। इस मंदिर का उद्घाटन कुछ समय पहले भारत के प्रधानमंत्री द्वारा किया गया था, जिसके बाद से यह मंदिर विश्वभर के श्रद्धालुओं के लिए आकर्षण का केंद्र बना हुआ है।
इसी बीच 28 फरवरी से अमेरिका और ईरान के बीच बढ़े सैन्य तनाव और हमलों के कारण मध्य पूर्व क्षेत्र में कई अंतरराष्ट्रीय उड़ानें रद्द कर दी गईं। उड़ानों के अचानक रद्द होने से स्वामी देवेन्द्र प्रसादाचार्य को अबू धाबी में ही रुकना पड़ा। यात्रा व्यवस्था प्रभावित होने के कारण वे कई दिनों तक वहीं फंसे रहे।
करीब एक सप्ताह बाद स्थिति सामान्य होने पर वे दुबई से दिल्ली के लिए रवाना हुए और वहां से सड़क मार्ग से अयोध्या पहुंचे। अयोध्या पहुंचने पर उनका गर्मजोशी से स्वागत किया गया। इस अवसर पर कैसरगंज के पूर्व सांसद बृजभूषणशरणसिंह ने उनसे भेंट कर उनका स्वागत किया और कुशलक्षेम पूछी। उनके सकुशल लौटने पर संत समाज और श्रद्धालुओं में खुशी का माहौल है।