Home Ayodhya/Ambedkar Nagar अयोध्या भाजपा नेता की पिटाई मामले में तीन पुलिसकर्मी लाइन हाजिर

भाजपा नेता की पिटाई मामले में तीन पुलिसकर्मी लाइन हाजिर

0

अयोध्या। कुमारगंज थाना क्षेत्र में भाजपा नेता की पिटाई के मामले में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने कड़ी कार्रवाई करते हुए दरोगा विमल कुमार यादव, आरक्षी भगवान सिंह और शशिकांत मिश्रा को लाइन हाजिर कर दिया है। मिल्कीपुर विधायक चन्द्रभानु पासवान की शिकायत पर कार्रवाई की गई।

घटना सोमवार रात की बताई जा रही है। कुमारगंज थाना क्षेत्र के चूड़ामणि अकमा गांव निवासी हरिकृष्ण पाण्डेय पुत्र संतोष कुमार किसी कार्य से कुमारगंज गए थे। इसी दौरान एक उपनिरीक्षक समेत तीन पुलिसकर्मियों ने उनके साथ मारपीट कर दी। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद मामला तूल पकड़ गया।

पीड़ित हरिकृष्ण पाण्डेय के अनुसार, वह अपनी गाड़ी स्टार्ट करने का प्रयास कर रहे थे और पेट्रोल भरवाने के लिए आसपास खड़े लोगों से चाबी मांग रहे थे। इस दौरान कुछ लोगों ने उन्हें चोर समझकर धमकाया। तभी एक वर्दीधारी दरोगा ने उन्हें थप्पड़ मार दिया और वहां मौजूद सिविल ड्रेस में तीन अन्य पुलिसकर्मियों ने भी उनकी पिटाई शुरू कर दी।

मारपीट का विरोध करने पर कस्बा वासियों में आक्रोश फैल गया। इस बीच थाने से पहुंची पुलिस गाड़ी हरिकृष्ण को जबरन थाने ले गई। पीड़ित के पिता संतोष कुमार ने आरोप लगाया कि थाने में उनके बेटे को आम के पेड़ों के बीच लाठियों से पीटा गया।

घटना की जानकारी मिलने पर विधायक चन्द्रभानु पासवान रात करीब 10:30 बजे थाने पहुंचे, जहां बड़ी संख्या में लोग एकत्र हो गए। इसके बाद पुलिस ने हरिकृष्ण को मेडिकल परीक्षण के लिए भेजा और परिजनों को सौंप दिया। एसपी ग्रामीण बलवंत चौधरी और क्षेत्राधिकारी पीयूष ने जांच के बाद दोषियों पर कार्रवाई का आश्वासन दिया था, जिसके तहत अब तीनों पुलिसकर्मियों को लाइन हाजिर किया गया है।

NO COMMENTS

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Exit mobile version