Home Ayodhya/Ambedkar Nagar अयोध्या प्राचीन रामजानकी मंदिर से अष्टधातु की तीन मूर्तियां चोरी, जांच में जुटी...

प्राचीन रामजानकी मंदिर से अष्टधातु की तीन मूर्तियां चोरी, जांच में जुटी पुलिस

0

◆ मंदिर का ताला तोड़कर भगवान राम, जानकी और लक्ष्मण की प्रतिमाएं ले गए चोर; पुलिस ने शुरू की पूछताछ


अयोध्या। शहर के टकसाल चौक स्थित प्राचीन रामजानकी मंदिर में चोरी की घटना से सनसनी फैल गई। मंदिर का ताला तोड़कर चोर भगवान राम, माता जानकी और लक्ष्मण की अष्टधातु से निर्मित तीन प्राचीन प्रतिमाएं समेत पूजा-पाठ का सामान और घंटा उठा ले गए। शुक्रवार शाम आरती के लिए पहुंचे पुजारी को घटना की जानकारी हुई। सूचना मिलने पर पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू की। मामले में कोतवाली नगर में मुकदमा दर्ज कराया गया है।

रामयश कीर्तन सभा टकसाल चौक के अध्यक्ष सुनील कुमार त्रिवेदी ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि प्रभात टाकीज के समीप स्थित रामजानकी मंदिर काफी प्राचीन है। 25 सितंबर की शाम पुजारी आरती करने मंदिर पहुंचे तो ताला टूटा मिला। अंदर जाकर देखने पर भगवान राम, जानकी और लक्ष्मण की अष्टधातु की प्रतिमाएं गायब थीं। इसके अलावा पूजा सामग्री और मंदिर में लगा घंटा भी नहीं मिला।

तहरीर के आधार पर पुलिस ने दिल्ली दरवाजा निवासी एक व्यक्ति को नामजद किया है। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस ने जांच तेज कर दी। पुलिस टीम ने संदिग्धों से पूछताछ शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि मामले में कुछ महत्वपूर्ण सुराग हाथ लगे हैं और जल्द ही घटना का पर्दाफाश किया जा सकता है।

प्रभारी निरीक्षक कोतवाली नगर मनोज कुमार शर्मा ने बताया कि रामजानकी मंदिर से अष्टधातु की प्रतिमाएं गायब होने की सूचना शुक्रवार रात मिली थी। तहरीर के आधार पर रिपोर्ट दर्ज कर जांच की जा रही है। मामले के सभी पहलुओं की पड़ताल की जा रही है और जल्द ही खुलासा किया जाएगा।

NO COMMENTS

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Exit mobile version