◆ शराब के नशे में कर्मचारियों से उलझता रहा युवक, इमरजेंसी में मची अफरातफरी
◆ सुरक्षाकर्मियों ने लाइसेंसी पिस्टल कब्जे में लेकर पुलिस को सौंपा
अयोध्या। जिला अस्पताल की इमरजेंसी में दीपावली की रात एक युवक ने करीब तीन घंटे तक जमकर उत्पात मचाया। शराब के नशे में अस्पताल पहुंचा युवक पहले कर्मचारियों से उलझा, फिर पुलिस के समझाने के बावजूद दोबारा अस्पताल लौट आया। तीसरी बार पहुंचने पर वह अपने साथ लाइसेंसी पिस्टल भी ले आया। युवक को पिस्टल निकालते देख अस्पताल के सुरक्षाकर्मियों ने उसे दबोच लिया और हथियार छीनकर पुलिस के हवाले कर दिया।
घटना रविवार और सोमवार की मध्यरात्रि करीब 11 बजे की है। युवक कथित तौर पर उंगली में जलन की शिकायत लेकर जिला अस्पताल पहुंचा था। नशे में होने के कारण उसकी अस्पताल कर्मचारियों से कहासुनी हो गई। मामला बढ़ने पर अस्पताल प्रशासन ने पुलिस को सूचना दी। पुलिस उसे अपने साथ ले गई और समझाने के बाद छोड़ दिया।
हालांकि, कुछ ही देर बाद युवक फिर अस्पताल पहुंच गया। इस बार भी उसने हंगामा शुरू कर दिया। सुरक्षाकर्मियों ने किसी तरह उसे परिसर से बाहर किया, लेकिन वह शांत नहीं हुआ। कुछ समय बाद तीसरी बार अस्पताल पहुंचा युवक इस बार लाइसेंसी पिस्टल लेकर आया था। वह पिस्टल निकालने लगा, तभी वहां तैनात सुरक्षाकर्मियों की नजर उस पर पड़ गई।
सुरक्षाकर्मियों ने बिना देर किए युवक को पकड़ लिया और उसके हाथ से पिस्टल छीन ली। बताया जाता है कि सुरक्षा दस्ते में शामिल पूर्व सैनिकों ने अपने प्रशिक्षण और अनुभव का इस्तेमाल करते हुए स्थिति को संभाला। इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई। पुलिस युवक को चौकी ले गई, जहां उसका धारा 151 के तहत चालान किया गया।
दीपावली की रात जिला अस्पताल की इमरजेंसी में जलने सहित अन्य बीमारियों से पीड़ित मरीजों की भीड़ थी। ऐसे में युवक के बार-बार पहुंचकर हंगामा करने से अस्पताल का माहौल तनावपूर्ण हो गया और मरीजों के उपचार में भी बाधा आई।
चौकी इंचार्ज चंद्रमोहन शुक्ला ने बताया कि प्रारंभिक जांच में युवक द्वारा पिस्टल तानने की बात सामने नहीं आई है। उसका धारा 151 के तहत चालान किया गया है। वहीं, जिला अस्पताल के प्रमुख चिकित्सा अधीक्षक डॉ. राजेश सिंह ने बताया कि घटना की मौखिक शिकायत मिली है। सुरक्षाकर्मियों को लिखित शिकायत देने के लिए कहा गया है।