◆ गांधी पार्क से बुधवार दोपहर दो बजे होगा शुभारंभ, शहर के प्रमुख मार्गों से गुजरेगी यात्रा
◆ जगह-जगह सामाजिक और राजनीतिक संगठनों की ओर से होगा स्वागत
अयोध्या। भगवान चित्रगुप्त की भक्ति, सामाजिक एकजुटता और सांस्कृतिक गौरव का संदेश लेकर बुधवार को रामनगरी में पहली बार भगवान चित्रगुप्त की भव्य वैभव यात्रा निकाली जाएगी। अयोध्या कायस्थ विकास संस्थान की ओर से आयोजित इस यात्रा की तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। यात्रा को भव्य स्वरूप देने के लिए संस्थान के पदाधिकारी और कार्यकर्ता कई दिनों से जुटे हुए हैं। शहर के विभिन्न स्थानों पर सामाजिक और राजनीतिक संगठनों की ओर से यात्रा का स्वागत एवं अभिनंदन किया जाएगा।
वैभव यात्रा दोपहर दो बजे गांधी पार्क से प्रारंभ होकर रिकाबगंज, चौक, बाजाजा और फतेहगंज होते हुए चित्रगुप्त छात्रावास पहुंचेगी। यहां भगवान चित्रगुप्त की स्तुति और आरती के बाद भोजन प्रसाद के साथ यात्रा का समापन होगा। यात्रा में भगवान चित्रगुप्त की विशाल प्रतिमा सुसज्जित रथ पर विराजमान रहेगी।
संस्थान के अध्यक्ष अरुण श्रीवास्तव ने बताया कि आयोजन की सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। नगर क्षेत्र से लेकर ग्रामीण अंचलों तक समाज के लोगों को यात्रा से जोड़ने का प्रयास किया गया है। सामूहिक सहभागिता से इस आयोजन को भव्य और यादगार बनाया जाएगा।
संस्थान के प्रवक्ता जेपी श्रीवास्तव ने बताया कि यात्रा के स्वागत के लिए मार्ग में विभिन्न स्थानों पर विशेष तैयारियां की गई हैं। गांधी पार्क में भाजपा महानगर अध्यक्ष कमलेश श्रीवास्तव अपनी टीम के साथ यात्रा का स्वागत करेंगे। रिकाबगंज में भाजपा नेता अमल गुप्ता की ओर से अभिनंदन किया जाएगा, जबकि कांग्रेस कार्यालय के सामने कांग्रेस पार्टी के पदाधिकारी स्वागत करेंगे।
शहर के हृदय स्थल चौक पर पूर्व मंत्री तेज नारायण पांडेय ‘पवन’ अपनी टीम के साथ यात्रा की अगवानी करेंगे। पंडित वस्त्रालय पर मानस परिवार की ओर से भगवान चित्रगुप्त की आरती उतारी जाएगी। वहीं हट्टी महारानी मंदिर पर हट्टी महारानी सेवा समिति की ओर से यात्रा का स्वागत किया जाएगा। आयोजकों के अनुसार, यात्रा के माध्यम से भगवान चित्रगुप्त के आदर्शों के साथ सामाजिक समरसता, एकता और सांस्कृतिक परंपराओं को सशक्त करने का संदेश दिया जाएगा।