Home Ayodhya/Ambedkar Nagar अयोध्या छठ पर्व को लेकर प्रशासन सतर्क, घाटों पर सुरक्षा और भीड़ नियंत्रण...

छठ पर्व को लेकर प्रशासन सतर्क, घाटों पर सुरक्षा और भीड़ नियंत्रण के होंगे पुख्ता इंतजाम

0
ayodhya samachar

◆ 13 से 16 नवंबर तक मनाया जाएगा छठ पर्व


◆ संवेदनशील घाटों पर बैरिकेडिंग, गोताखोर और नावों की होगी तैनाती


◆ सीसीटीवी, ड्रोन और लाउडस्पीकर से रखी जाएगी निगरानी


अयोध्या। छठ पर्व पर श्रद्धालुओं की सुरक्षा और घाटों पर भीड़ प्रबंधन को लेकर जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। 13 से 16 नवंबर तक मनाए जाने वाले पर्व के दौरान नदी घाटों, तालाबों और अन्य पूजा स्थलों पर बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना है। इसे देखते हुए जिलाधिकारी शशांक त्रिपाठी के निर्देश पर संबंधित विभागों को सुरक्षा और आपातकालीन व्यवस्थाएं दुरुस्त रखने के निर्देश दिए गए हैं।

अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व अमित कुमार भट्ट ने बताया कि उत्तर प्रदेश राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण की ओर से जारी दिशा-निर्देशों के अनुसार पर्व के दौरान संभावित दुर्घटनाओं की रोकथाम और आपात परिस्थितियों से निपटने के लिए विशेष सतर्कता बरती जाएगी। इसके लिए आपातकालीन नियंत्रण कक्ष स्थापित कर सक्रिय रखा जाएगा। सभी विभागों के बीच समन्वय बनाए रखने के साथ घटनाओं की सूचना तत्काल साझा करने और नियंत्रण कक्ष में उनका रिकॉर्ड रखने की व्यवस्था होगी।

घाटों और पूजा स्थलों पर श्रद्धालुओं की आवाजाही नियंत्रित करने के लिए बैरिकेडिंग, रस्सियों और संकेतक बोर्डों का इस्तेमाल किया जाएगा। भीड़भाड़ वाले स्थानों पर सीसीटीवी कैमरों और ड्रोन से निगरानी होगी। सार्वजनिक उद्घोषणा प्रणाली के जरिए श्रद्धालुओं को आवश्यक सूचनाएं दी जाएंगी। प्रवेश और निकास के अलग-अलग बिंदु निर्धारित कर आपातकालीन आवागमन का रास्ता भी सुरक्षित रखा जाएगा।

प्रशासन ने नदी घाटों और तालाबों के संवेदनशील हिस्सों को चिह्नित कर वहां बैरिकेडिंग कराने के निर्देश दिए हैं, ताकि श्रद्धालु गहरे पानी में न जा सकें। घाटों पर पुलिस बल और स्वयंसेवकों की तैनाती के साथ प्राथमिक उपचार केंद्र, एंबुलेंस और चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध रहेंगी।

जल क्षेत्रों में बचाव व्यवस्था को लेकर भी विशेष इंतजाम किए जाएंगे। प्रशिक्षित गोताखोरों, तैराकों और नावों की तैनाती लाइफ जैकेट, इन्फ्लेटेबल मोटरबोट सहित आवश्यक सुरक्षा उपकरणों के साथ होगी। निजी नावों की आवाजाही पर भी निगरानी रखी जाएगी। किसी भी दुर्घटना की स्थिति में त्वरित कार्रवाई के लिए प्रशिक्षित आपदा प्रतिक्रिया दलों को तैयार रखा जाएगा।

NO COMMENTS

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Exit mobile version