केंद्रीय समिति ने कहा-धैर्य रखें, प्रशासन के सहयोग से समस्या के समाधान के प्रयास जारी
अयोध्या । मूर्तिकार उत्तम पाल के अचानक गायब होने की सूचना के बाद दुर्गापूजा समितियों के कार्यकर्ताओं में चिंता बढ़ गई। रविवार को बड़ी संख्या में समितियों के पदाधिकारी और कार्यकर्ता मूर्ति निर्माण स्थल पर पहुंचे। मौके पर केंद्रीय दुर्गापूजा एवं रामलीला समन्वय समिति जनपद-अयोध्या के जिलाध्यक्ष मनोज जायसवाल ने समितियों के पदाधिकारियों से वार्ता कर धैर्य रखने की अपील की।
मनोज जायसवाल ने कहा कि समस्या के समाधान के लिए जिला प्रशासन, पुलिस प्रशासन और केंद्रीय समिति लगातार प्रयास कर रहे हैं। मूर्तिकार को शीघ्र खोजकर वापस लाने और उससे शेष मूर्तियों का निर्माण कार्य पूरा कराने के प्रयास किए जा रहे हैं। उन्होंने समितियों से फिलहाल दुर्गापूजा उत्सव की अन्य तैयारियों में जुटे रहने की अपील की। उन्होंने बताया कि प्रशासन के साथ वैकल्पिक व्यवस्थाओं के विभिन्न बिंदुओं पर भी विचार-विमर्श किया जा रहा है और जल्द समाधान निकालने का प्रयास है।
समिति के संयोजक गगन जायसवाल ने स्थानीय पुलिस चौकी प्रभारी से बिल बुक के माध्यम से मूर्ति बुक कराने वाली समितियों की सूची तैयार कर उनसे संपर्क करने का आग्रह किया। इससे समितियों को स्थिति की जानकारी देने के साथ ही उन्हें अपनी वैकल्पिक व्यवस्थाओं पर विचार करने का अवसर मिल सकेगा।
केंद्रीय समिति के प्रवक्ता केशव बिगुलर ने बताया कि रविवार सुबह मूर्तिकार के गायब होने की खबर नगर में फैलने के बाद उसकी कार्यशाला पर लोगों की भीड़ जुटने लगी। सूचना मिलते ही जिलाध्यक्ष मनोज जायसवाल, संयोजक गगन जायसवाल, प्रवक्ता केशव बिगुलर, अतुल सिंह, अखिलेश पाठक, राजेश कुमार श्रीवास्तव और तरुण कुमार गुप्ता मौके पर पहुंचे। समिति पदाधिकारियों ने प्रशासन से मूर्तिकार की तलाश के लिए तत्काल आवश्यक कार्रवाई करने का अनुरोध किया। पुलिस ने कार्यशाला को अपनी सुरक्षा में ले लिया है।
करीब 110 मूर्तियों का था ऑर्डर
प्राप्त जानकारी के अनुसार मूर्तिकार उत्तम पाल ने करीब 110 मूर्तियों के निर्माण के ऑर्डर बुक किए थे। इनमें लगभग 59 मूर्तियां अयोध्या जनपद की दुर्गापूजा समितियों के लिए थीं, जबकि शेष मूर्तियां अन्य जनपदों की समितियों के लिए बुक की गई थीं। मूर्तिकार के अचानक गायब होने से इन समितियों के सामने समय पर मूर्ति मिलने को लेकर चिंता पैदा हो गई है।
केंद्रीय समिति के पदाधिकारियों ने मूर्तिकार से अपील की कि वह जहां भी हैं, जल्द से जल्द अयोध्या लौटकर मूर्ति निर्माण का कार्य पूरा कराएं। समिति ने कहा कि उन्हें किसी प्रकार की समस्या नहीं होने दी जाएगी। प्राकृतिक आपदा के कारण निर्माण कार्य में हुई देरी को देखते हुए दुर्गापूजा समितियों से बातचीत कर कार्यक्रमों में आवश्यक बदलाव कर बीच का रास्ता निकालने का प्रयास किया जाएगा, जिससे पर्व सकुशल संपन्न कराया जा सके।
समिति ने यह भी कहा कि जनपद में कार्यरत अन्य मूर्तिकारों के साथ केंद्रीय समिति और दुर्गापूजा समितियां खड़ी हैं। सामने आई समस्या का मिलकर समाधान किया जाएगा और किसी समिति को असुविधा न हो, इसके लिए हरसंभव प्रयास किए जाएंगे।
इस बीच केंद्रीय समिति के जिलाध्यक्ष मनोज जायसवाल ने साथियों के साथ नगर विधायक वेद प्रकाश गुप्ता के माध्यम से प्रभारी मंत्री सूर्य प्रताप शाही से मुलाकात की। उन्होंने प्रभारी मंत्री को पूरे मामले की जानकारी देते हुए समस्या के समाधान के लिए आवश्यक सहयोग और कार्रवाई का अनुरोध किया।