अयोध्या। आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) के जरिए एक छात्रा की फोटो से छेड़छाड़ कर उसे सोशल मीडिया पर प्रसारित करने का मामला सामने आया है। आरोप है कि युवक एडिट की गई फोटो के जरिए छात्रा को ब्लैकमेल कर रहा है। पीड़िता की शिकायत पर कोतवाली नगर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
कोतवाली बीकापुर क्षेत्र की रहने वाली छात्रा ने पुलिस को दी गई तहरीर में बताया कि वह कोतवाली नगर क्षेत्र में किराए का कमरा लेकर पैरामेडिकल की पढ़ाई कर रही है। स्कूल आते-जाते समय उसकी मुलाकात सुल्तानपुर निवासी एक युवक से हुई थी। युवक ने उससे मोबाइल नंबर लेने के साथ ही अपने साथ एक फोटो भी खिंचवाई थी।
छात्रा का आरोप है कि अब युवक उस फोटो को एआई तकनीक के माध्यम से एडिट कर सोशल मीडिया पर पोस्ट कर रहा है। इसके जरिए उसे मानसिक रूप से परेशान किया जा रहा है। युवक बातचीत नहीं करने पर फोटो के माध्यम से बदनाम करने की धमकी भी दे रहा है। आरोपी की हरकतों से परेशान होकर छात्रा ने पुलिस से शिकायत की। पुलिस ने तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।