अयोध्या। पंडित जवाहरलाल नेहरू की जयंती पर शुक्रवार को कांग्रेस कार्यालय कमला नेहरू भवन में कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस दौरान कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं ने उनके चित्र पर माल्यार्पण कर श्रद्धासुमन अर्पित किए तथा उनके बताए रास्ते पर चलने का संकल्प लिया। इसके बाद आयोजित गोष्ठी की अध्यक्षता जिलाध्यक्ष चेतनारायण सिंह ने की, जबकि संचालन जिला कांग्रेस प्रवक्ता शीतला पाठक ने किया।
गोष्ठी को संबोधित करते हुए जिलाध्यक्ष चेतनारायण सिंह ने कहा कि पंडित जवाहरलाल नेहरू की नीतियों का उद्देश्य देश को विकास की नई ऊंचाइयों तक पहुंचाना था। उन्होंने अपने कार्यकाल में औद्योगिक विकास को गति दी और कल-कारखानों की स्थापना कर देश की आर्थिक मजबूती की नींव रखी। उनके प्रयासों से भारत ने वैश्विक स्तर पर अपनी अलग पहचान बनाई।
महानगर अध्यक्ष सुनील कृष्ण गौतम ने कहा कि पंडित नेहरू बच्चों से विशेष स्नेह रखते थे। शिक्षा को प्राथमिकता देते हुए उन्होंने स्कूलों और महाविद्यालयों की स्थापना को प्रोत्साहित किया। देश के समग्र विकास और सशक्त राष्ट्र के निर्माण के लिए पंचवर्षीय योजनाओं को धरातल पर उतारने में भी उनकी महत्वपूर्ण भूमिका रही।
पूर्व जिलाध्यक्ष राजेंद्र प्रताप सिंह ने कहा कि नेहरू के विचारों को आत्मसात कर देश, नौजवानों और किसानों के हित में बेहतर कार्य किया जा सकता है। जिला प्रवक्ता शीतला पाठक ने कहा कि भारतीय इतिहास में पंडित जवाहरलाल नेहरू के योगदान को स्वर्णिम अक्षरों में लिखा जाएगा। उनके नेतृत्व में देश ने विकास की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बढ़ाए।
इस अवसर पर पीसीसी सदस्य उग्रसेन मिश्रा, उमेश उपाध्याय, हरजीत सलूजा, धर्मेंद्र सिंह फास्टर, डॉ. विनोद गुप्ता, अशोक राय, भीम शुक्ला, विजय यादव, चंचल सोनकर, कल्लू शर्मा, फ्लावर नकवी, बसंत मिश्रा, दानिश दिया, मंसाराम यादव सहित अन्य कांग्रेसजन मौजूद रहे।