Home Ayodhya/Ambedkar Nagar अम्बेडकर नगर महिला चिकित्सक की कार्यप्रणाली पर उठे सवाल, सीएमओ से शिकायत

महिला चिकित्सक की कार्यप्रणाली पर उठे सवाल, सीएमओ से शिकायत

0
ayodhya samachar

◆ समय से ड्यूटी पर नहीं पहुंचने का आरोप, जांच व कार्रवाई की मांग


जलालपुर, अंबेडकर नगर। सरकार जहां सरकारी अस्पतालों में मरीजों को बेहतर और समयबद्ध स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए लगातार व्यवस्थाएं सुधारने पर जोर दे रही है, वहीं जलालपुर नगर स्थित महिला चिकित्सालय में तैनात महिला चिकित्सक की कार्यप्रणाली को लेकर सवाल उठे हैं। समय से ड्यूटी पर नहीं पहुंचने, निर्धारित समय से पहले अस्पताल से चले जाने और मरीजों व तीमारदारों से कथित अभद्र व्यवहार के आरोप लगाते हुए सभासद ने मुख्य चिकित्सा अधिकारी से लिखित शिकायत की है। शिकायतकर्ता ने मामले की निष्पक्ष जांच कर कार्रवाई की मांग की है।

कस्बा निवासी सभासद आशीष सोनी ने सीएमओ को दिए शिकायती पत्र में आरोप लगाया है कि महिला चिकित्सालय में कार्यरत डॉ. नायला की मूल तैनाती सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र नगपुर में है। आरोप है कि वह अपने मूल तैनाती स्थल पर ड्यूटी न कर महिला चिकित्सालय में कार्य कर रही हैं। शिकायतकर्ता के अनुसार चिकित्सक अक्सर निर्धारित समय से एक से दो घंटे विलंब से अस्पताल पहुंचती हैं और ड्यूटी का समय पूरा होने से करीब एक घंटे पहले ही अस्पताल से चली जाती हैं।

सभासद का आरोप है कि चिकित्सक के समय से अस्पताल न पहुंचने के कारण इलाज के लिए आने वाली महिलाओं और उनके तीमारदारों को घंटों इंतजार करना पड़ता है। शिकायत में मरीजों व तीमारदारों के साथ कथित अभद्र व्यवहार किए जाने और आए दिन विवाद की स्थिति उत्पन्न होने का भी आरोप लगाया गया है। इससे अस्पताल आने वाले मरीजों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।

शिकायती पत्र में यह भी उल्लेख किया गया है कि चिकित्सक की कार्यप्रणाली को लेकर पूर्व में स्वास्थ्य अधीक्षक से कई बार शिकायत की जा चुकी है। इसके बावजूद आरोपों पर प्रभावी कार्रवाई नहीं होने का दावा किया गया है। इससे शिकायतकर्ताओं में नाराजगी है।

NO COMMENTS

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Exit mobile version