Home Ayodhya/Ambedkar Nagar अम्बेडकर नगर 18 से 20 जनवरी तक श्रवण धाम महोत्सव-2026, तैयारियां अंतिम चरण में

18 से 20 जनवरी तक श्रवण धाम महोत्सव-2026, तैयारियां अंतिम चरण में

0
ayodhya samachar

◆  भक्ति, लोक कला और संस्कृति का संगम बनेगा श्रवण क्षेत्र धाम


अंबेडकरनगर। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के मार्गदर्शन में जिले की पौराणिक एवं धार्मिक धरोहर श्रवण क्षेत्र धाम में 18 से 20 जनवरी तक तीन दिवसीय श्रवण धाम महोत्सव-2026 का भव्य आयोजन किया जाएगा। जिला प्रशासन द्वारा आयोजित इस महोत्सव की तैयारियां अंतिम चरण में पहुंच चुकी हैं। जिलाधिकारी अनुपम शुक्ला स्वयं स्थलीय निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा ले रहे हैं।

अकबरपुर तहसील के भीटी क्षेत्र में स्थित श्रवण क्षेत्र धाम को रामायण काल से जुड़ा पौराणिक स्थल माना जाता है। यह स्थल श्रवण कुमार की पितृभक्ति और राम भक्ति से जुड़ी आस्था का प्रमुख केंद्र है। महोत्सव के माध्यम से इस धाम को रामायण सर्किट से जोड़ने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल की जा रही है, जिससे धार्मिक पर्यटन को नई गति मिलेगी।

तीन दिवसीय महोत्सव में भक्ति, लोक कला, लोक संस्कृति और सांस्कृतिक कार्यक्रमों की भव्य श्रृंखला देखने को मिलेगी। स्थानीय कलाकारों के साथ-साथ राष्ट्रीय स्तर के कलाकार भी अपनी प्रस्तुतियों से कार्यक्रम को यादगार बनाएंगे। प्रसिद्ध भजन गायक अनूप जलोटा की भजन संध्या और प्रख्यात कवि कुमार विश्वास के कवि सम्मेलन महोत्सव के मुख्य आकर्षण होंगे। इसके अलावा रामलीला, लोक नृत्य, लोक गीत, झांकियां, भजन संध्या और सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।

शाम के समय लाइट एंड साउंड शो तथा लेजर शो से श्रवण धाम की छटा और भी आकर्षक हो जाएगी। तीनों दिनों में जनपद के साथ-साथ आसपास के जिलों से बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं और पर्यटकों के पहुंचने की संभावना है।


सरकारी योजनाओं की दिखेगी झलक


महोत्सव के दौरान सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं, नीतियों और उपलब्धियों की जानकारी देने के लिए विभिन्न विभागों के स्टॉल लगाए जाएंगे। विभागीय अधिकारी लाभार्थियों से संवाद कर योजनाओं की जानकारी देंगे। सूचना विभाग द्वारा जनपद के विकास कार्यों और सरकारी योजनाओं की प्रदर्शनी भी लगाई जाएगी।


18 को हवन-पूजन से होगा शुभारंभ


महोत्सव का शुभारंभ 18 जनवरी को सुबह नौ बजे हवन-पूजन के साथ होगा। सुबह दस बजे से स्थानीय कलाकारों की प्रस्तुतियां शुरू होंगी। जिला विद्यालय निरीक्षक के निर्देशन में स्कूली छात्र-छात्राएं सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत करेंगे। दोपहर में महिला सशक्तिकरण एवं मिशन शक्ति से जुड़े कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। शाम को लठमार फूलों की होली, मयूर नृत्य, सारथी दीपोत्सव और भजन संध्या होगी।

19 जनवरी को किसानों के लिए विशेष कार्यक्रम, राजस्थानी लोक नृत्य, झारखंड लोक नृत्य, तमसा आरती और शाम को कवि सम्मेलन का आयोजन होगा।

20 जनवरी को सुबह 10 किलोमीटर की हाफ मैराथन, हनुमान चालीसा व सुंदरकांड पाठ, युवा सम्मेलन, सांस्कृतिक कार्यक्रम, सम्मान समारोह, लेजर शो, आतिशबाजी और रामलीला का आयोजन होगा। रात 10 से 11 बजे के बीच महोत्सव का समापन किया जाएगा।


यूट्यूब पर होगा सजीव प्रसारण


श्रवण धाम महोत्सव के सभी कार्यक्रमों का सजीव प्रसारण श्रवण धाम के आधिकारिक यूट्यूब चैनल के माध्यम से किया जाएगा, जिससे श्रद्धालु और दर्शक घर बैठे कार्यक्रमों का आनंद ले सकेंगे।

NO COMMENTS

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Exit mobile version