◆ प्रभारी मंत्री ने जनप्रतिनिधियों के साथ किया परिक्रमा मार्ग का निरीक्षण
◆ मेला के आयोजन को लेकर सर्किट हाउस में जनप्रतिनिधियों के साथ किया बैठक
अयोध्या। प्रभारी मंत्री सूर्य प्रताप शाही ने परिक्रमा मेले के आयोजन को लेकर जनप्रतिनिधियों के साथ परिक्रमा पथ का निरीक्षण किया। इससे पहले सर्किट हाउस में जनप्रतिनधियों के साथ बैठक की। उन्होंने निर्देश दिया कि मोदहा और हलकारा पूरवा के पास मार्ग को अतिशीघ्र ठीक करा दिया जाए। नगर निगम क्षेत्र के मार्गों की नियमित साफ सफाई कराई जाए तथा जहां पर नालियां खुली हैं उनको तत्काल पटिया रखकर बंद कराई जाए।
उन्होंने निर्देश दिया कि शहर के अंदर रोड पर पैच वर्क व स्ट्रीट लाइट जो खराब है उनको तत्काल ठीक कराया जाए। इसके साथ में श्रद्धालुओं के लिए अतिरिक्त बसों के संचालन की व्यवस्था व होल्डिंग एरिया की नियमित साफ-सफाई करने के निर्देश भी सम्बंधित अधिकारियों को उन्होंने दिया। सर्किट हाउस में बैठक के दौरान प्रभारी मंत्री ने कहा कि परिक्रमा मेला हमारी धार्मिक आस्था, संस्कृति और लोक परंपरा का प्रतीक है। यह न केवल श्रद्धालुओं के लिए एक पवित्र अवसर है, बल्कि यह हमारे क्षेत्र की पहचान भी है। अतः मेला की सभी तैयारियां उत्कृष्ट स्तर पर की जानी चाहिए। उन्होंने यह भी निर्देश दिए कि मेला क्षेत्र में स्वच्छता अभियान निरंतर चलाया जाए। स्वास्थ्य विभाग द्वारा पर्याप्त मोबाइल मेडिकल यूनिट्स और एम्बुलेंस उपलब्ध रहें। विद्युत विभाग निर्बाध बिजली आपूर्ति सुनिश्चित करे। महिला सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए पर्याप्त महिला पुलिस बल की तैनाती की जाए। यातायात व्यवस्था के लिए स्पष्ट रूट डायवर्जन योजना लागू की जाए।
मेला क्षेत्र में सीसीटीवी कैमरे एवं कंट्रोल रूम सक्रिय रहें। मौके पर जिला पंचायत अध्यक्ष रोली सिंह, विधायक वेद प्रकाश गुप्ता, रामचन्द्र यादव, चन्द्रभानु पासवान, अमित सिंह चौहान, अभय सिंह, जिलाधिकारी निखिल टीकाराम फुंडे, नगर आयुक्त जयेंद्र कुमार, मुख्य विकास अधिकारी कृष्ण कुमार सिंह, पुलिस अधीक्षक नगर चक्रपाणि त्रिपाठी, पुलिस अधीक्षक ग्रामीण, जिलाध्यक्ष भाजपा संजीव सिंह, महानगर अध्यक्ष भाजपा कमलेश श्रीवास्तव मौजूद रहे।