Home Ayodhya/Ambedkar Nagar अयोध्या बरियावन में मकान ढहाने के मामले में 25-25 हजार के दो इनामी...

बरियावन में मकान ढहाने के मामले में 25-25 हजार के दो इनामी गिरफ्तार

0

अंबेडकर नगर। अकबरपुर कोतवाली पुलिस ने बरियावन बाजार में जमीन पर कब्जे के लिए लोगों को डराने-धमकाने और जेसीबी से आठ मकानों को ध्वस्त करने के मामले में वांछित 25-25 हजार रुपये के दो इनामी आरोपितों को गिरफ्तार किया है। पकड़े गए आरोपितों की पहचान अविनाश वर्मा निवासी हसनपुर सुन्थरचक संसारी, थाना टांडा और प्रियांशू कनौजिया निवासी सतरही, थाना सम्मनपुर के रूप में हुई है। पुलिस दोनों के विरुद्ध अग्रिम विधिक कार्रवाई कर रही है।
पुलिस के अनुसार, 21 सितंबर की रात बरियावन बाजार में जमीन पर कब्जे के उद्देश्य से लोगों को डराने-धमकाने और जेसीबी मशीन से आठ घरों को ध्वस्त करने के मामले में अकबरपुर कोतवाली में मुकदमा दर्ज किया गया था। विवेचना के दौरान प्रकाश में आए दोनों आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस प्रयास कर रही थी। दोनों पर 25-25 हजार रुपये का इनाम घोषित था।
पुलिस अधीक्षक प्राची सिंह के निर्देशन, अपर पुलिस अधीक्षक पश्चिमी देवेश चतुर्वेदी के मार्गदर्शन और क्षेत्राधिकारी नगर अरुण कुमार नौहवार के पर्यवेक्षण में चलाए जा रहे अभियान के तहत प्रभारी निरीक्षक भूपेंद्र सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम ने दोनों को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस के मुताबिक, अविनाश वर्मा के विरुद्ध टांडा थाने में मारपीट, धमकी, एससी-एसटी एक्ट, एनडीपीएस एक्ट समेत विभिन्न धाराओं में 10 मुकदमे दर्ज हैं। वहीं, प्रियांशू कनौजिया के विरुद्ध चोरी, एनडीपीएस एक्ट समेत विभिन्न मामलों में पांच मुकदमे दर्ज बताए गए हैं।
गिरफ्तारी करने वाली टीम में वरिष्ठ उपनिरीक्षक अमरनाथ यादव, उपनिरीक्षक राजेंद्र सरोज, हेड कांस्टेबल विनोद कुमार द्वितीय और कांस्टेबल विकास शर्मा शामिल रहे।

NO COMMENTS

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Exit mobile version