जैतपुर, अंबेडकर नगर। जलालपुर तहसील क्षेत्र के रामगढ़ रोड पर अचल नगर से रण्डौली होते हुए रेहता खुर्द तक की सड़क की हालत बदतर हो चुकी है। जर्जर सड़क पर आवागमन करना लोगों के लिए जोखिम भरा बन गया है। खासकर स्कूली बच्चों, मरीजों और ग्रामीणों को प्रतिदिन भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
यह मार्ग रेहता, रण्डौली, भुजंगी, सिंहपुर, बिछैला और सुकरौली समेत कई गांवों को जोड़ता है। सड़क पर जगह-जगह गड्ढे और उखड़ी सतह के कारण आए दिन दुर्घटना की आशंका बनी रहती है। ग्रामीणों का कहना है कि मजबूरी में उन्हें इसी मार्ग से गुजरना पड़ता है, जिससे हर समय हादसे का डर बना रहता है।
ग्रामीण राम सिंगार तिवारी, तरेन्द्र तिवारी (भीखपुर कला), सुभाष विश्वकर्मा (सिंहपुर), प्रमोद कुमार (रेहता खुर्द), सुरेश कुमार उर्फ कवई (रण्डौली), दिनेश मिश्रा, सुरेन्द्र मिश्रा, ओमप्रकाश मिश्रा, राकेश्वर मिश्रा (भुजंगी), रामशकल तिवारी, अभिषेक शर्मा, अजय मिश्रा व अभय मिश्रा (सिंहपुर) ने बताया कि बसपा शासनकाल में सड़क का निर्माण हुआ था, जिससे आवागमन सुगम था। इसके बाद केवल एक बार करीब पांच वर्ष पूर्व मरम्मत कराई गई, तब से सड़क की स्थिति लगातार बिगड़ती गई है।
ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि मार्ग के किनारे संचालित ईंट भट्टों के कारण भारी वाहनों की आवाजाही से सड़क और अधिक क्षतिग्रस्त हो गई है। इससे लोगों को आने-जाने में भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।
ग्रामीणों ने प्रशासन से शीघ्र सड़क की मरम्मत कराने और ईंट भट्टों पर नियंत्रण लगाने की मांग की है, ताकि संभावित दुर्घटनाओं को रोका जा सके और लोगों को राहत मिल सके।