अयोध्या। निषाद पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं उत्तर प्रदेश सरकार के मत्स्य मंत्री संजय निषाद सोमवार को अयोध्या पहुंचे। इस दौरान उन्होंने अयोध्या में भाजपा–निषाद राज पार्टी गठबंधन को लेकर कहा कि यह गठबंधन दोनों दलों के लिए सौभाग्यशाली साबित हुआ है। उन्होंने कहा, “हम भी सौभाग्यशाली हैं और भाजपा भी सौभाग्यशाली है कि वह हमारे साथ है।”
संजय निषाद ने अपने विशिष्ट अंदाज में गठबंधन की मजबूती का जिक्र करते हुए कहा कि “हम नाव वाले हैं। जिसने नाव में बैठकर धोखा दिया, जनता ने उसे पहचान लिया। अब नाव में भाजपा बैठी है और इस गठबंधन के बाद दोनों को लाभ हुआ है।” उन्होंने दावा किया कि निषाद समाज ने भाजपा के साथ रहकर अपनी राजनीतिक दिशा स्पष्ट कर दी है।
राम मंदिर निर्माण के मुद्दे पर बोलते हुए मत्स्य मंत्री ने निषाद राज पार्टी की भूमिका को अहम बताया। उन्होंने कहा कि भाजपा की कई सरकारें बनीं, लेकिन अयोध्या में भव्य राम मंदिर का निर्माण तब संभव हो सका, जब निषाद राज की पार्टी भाजपा के साथ आई। उन्होंने अयोध्या को त्रेता युग की पावन धरती बताते हुए राम और निषाद राज के ऐतिहासिक मिलन का उल्लेख किया।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की सराहना करते हुए संजय निषाद ने कहा कि उनके नेतृत्व में प्रदेश में सुख-समृद्धि और सुशासन का दौर आया है। उन्होंने यह भी कहा कि एक बार विपक्ष ने धोखे से अयोध्या जीत ली थी, लेकिन अब जनता जागरूक है और वह गलती दोबारा नहीं होगी।
मंत्री संजय निषाद ब्लाक प्रमुख संघ के जिलाध्यक्ष शिवेंद्र सिंह के पिता स्वर्गीय प्रभात सिंह की पुण्यतिथि पर आयोजित कंबल व साइकिल वितरण कार्यक्रम में भी शामिल हुए और उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की।