Home Ayodhya/Ambedkar Nagar अयोध्या  तीन बजे दोपहर से रात नौ बजे तक उपायुक्त जीएसटी से वार्ता...

 तीन बजे दोपहर से रात नौ बजे तक उपायुक्त जीएसटी से वार्ता करता रहा प्रशासन

0
ayodhya samachar

◆ रात में पुलिस ने किया अपर आयुक्त के कक्ष से उपायुक्त प्रशांत सिंह को बाहर


◆ सरकार के समर्थन व अविमुक्तेश्वरानंद के विरोध में जीएसटी उपायुक्त प्रशांत सिंह ने दिया है इस्तीफा


अयोध्या। मंगलवार को सरकार के समर्थन व अविमुक्तेश्वरानंद के विरोध में अचानक त्यागपत्र देकर प्रशासनिक हलकों में हलचल मचाने वाले जीएसटी विभाग के उपायुक्त प्रशांत कुमार सिंह और जिला प्रशासन के बीच साढ़े पांच घंटे लम्बी वार्ता चली। इस दौरान उपायुक्त एक बार भी कक्ष से बाहर नहीं निकले। अपर आयुक्त ग्रेड-2 के कक्ष में चली इस बातचीत के दौरान प्रशासनिक और विभागीय अधिकारियों ने प्रशांत कुमार सिंह से कई सवाल पूछे, लेकिन उनका जवाब उन्होंने शांत रहकर दिया।

वार्ता में एडीएम सिटी योगानंद पाण्डेय, एसपी सिटी चक्रपाणि त्रिपाठी के साथ मुख्य विकास अधिकारी कृष्ण कुमार सिंह भी मौजूद रहे। इसके अलावा जीएसटी विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों ने भी उनसे संवाद स्थापित करने की कोशिश किया। अधिकारी भले ही साढ़े पांच घंटे तक कमरे में बैठे रहे, लेकिन वास्तविक संवाद कुछ ही समय तक सीमित रहा। अधिकांश समय प्रशांत कुमार सिंह को सोचने और खुद को सहज करने का अवसर दिया गया। इस दौरान बीच-बीच में उन्हें चाय और पानी भी दिया जाता रहा।

इसी बीच देर रात घटनाक्रम ने एक नया मोड़ ले लिया। रात करीब नौ बजे पुलिस की टीम त्यागपत्र देने वाले उपायुक्त प्रशांत कुमार सिंह को लेकर रवाना हो गई। उन्हें जीएसटी कार्यालय से उनकी कार में लखनऊ स्थित आवास के लिए रवाना कर दिया गया। पूरे घटनाक्रम को लेकर दिनभर चर्चाओं का बाजार गर्म रहा।

फिलहाल इस मामलें में अब विभाग के द्वारा शासन के निर्देशों का इंतजार किया जा रह है। विभागीय अधिकारियों का कहना है कि शासन से दिशा-निर्देश प्राप्त होने के बाद ही मंगलवार को घटित पूरे घटनाक्रम की विस्तृत आख्या तैयार की जाएगी, जिसे शासन को प्रेषित किया जाएगा। इसके उपरांत शासन स्तर पर ही इस प्रकरण में आगे की कार्रवाई को लेकर अंतिम निर्णय लिया जाएगा। वहीं त्यागपत्र देने वाले उपायुक्त प्रशांत सिंह से फोन के माध्यम से संपर्क स्थापित करने का प्रयास किया गया, लेकिन उनसे कोई संवाद नहीं हो सका। विभागीय सूत्रों के अनुसार अधिकारी लगातार स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं।

NO COMMENTS

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Exit mobile version