Home Ayodhya/Ambedkar Nagar अम्बेडकर नगर परीक्षा पर चर्चा कार्यक्रम में जिलाधिकारी ने किया संवाद, परीक्षार्थियों को दिए...

परीक्षा पर चर्चा कार्यक्रम में जिलाधिकारी ने किया संवाद, परीक्षार्थियों को दिए सफलता के मंत्र

0

अंबेडकर नगर। यूपी बोर्ड परीक्षा 2026 की तैयारियों को लेकर बुधवार को बीएन इंटर कॉलेज अकबरपुर के मैदान में परीक्षा पर चर्चा कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में जिलाधिकारी अनुपम शुक्ला ने हाईस्कूल व इंटरमीडिएट के परीक्षार्थियों से संवाद कर परीक्षा में बेहतर प्रदर्शन के लिए उपयोगी सुझाव दिए।

जिलाधिकारी ने कहा कि परीक्षा में सफलता के लिए टाइम मैनेजमेंट सबसे अहम है। अब परीक्षा में अधिक समय शेष नहीं है, इसलिए परीक्षार्थी प्रत्येक मिनट का सही उपयोग करें। उन्होंने सोशल मीडिया से दूरी बनाए रखने की सलाह देते हुए कहा कि केवल आवश्यक जानकारी के लिए ही इसका प्रयोग करें। बिना उद्देश्य सोशल मीडिया पर समय नष्ट करने से एकाग्रता भंग होती है।

उन्होंने परीक्षार्थियों को सुझाव दिया कि कमजोर विषयों पर अधिक ध्यान दें और जिन विषयों की तैयारी अच्छी है, उन पर सीमित समय दें। जिलाधिकारी ने 10 वर्षों के पुराने प्रश्नपत्रों का अध्ययन करने पर विशेष जोर दिया, जिससे परीक्षा के पैटर्न और स्तर को समझने में मदद मिलेगी। साथ ही उन्होंने कहा कि किसी भी विषय को नजरअंदाज न करें, क्योंकि सभी विषयों के अंक समान होते हैं और एक विषय की अनदेखी मेरिट को प्रभावित कर सकती है।

कार्यक्रम में विभिन्न विद्यालयों के छात्र-छात्राएं शामिल हुए। अलग-अलग विषयों के विशेषज्ञ शिक्षकों ने विद्यार्थियों के सवालों का समाधान किया और अधिक अंक प्राप्त करने के टिप्स दिए। हाईस्कूल में 90 प्रतिशत से अधिक अंक प्राप्त करने वाले वर्तमान इंटरमीडिएट छात्रों ने भी अपने अनुभव साझा किए।

जिलाधिकारी ने खानपान पर ध्यान देने की बात कहते हुए कहा कि अधिक भोजन से आलस्य आता है। पढ़ाई के दौरान हल्का और संतुलित आहार लें तथा ऊर्जा बनाए रखने के लिए गुड़ का सेवन लाभकारी होता है। उन्होंने योग व प्राणायाम, विशेषकर अनुलोम-विलोम को एकाग्रता बढ़ाने में सहायक बताया।

कार्यक्रम में जिला विद्यालय निरीक्षक प्रवीण कुमार तिवारी सहित कई प्रधानाचार्य व शिक्षक मौजूद रहे। संचालन डॉ. प्रियंका तिवारी ने किया।

NO COMMENTS

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Exit mobile version