Home Ayodhya/Ambedkar Nagar अयोध्या सांसद संजय सिंह का केंद्र पर हमला, बोले- 12 साल से क्या...

सांसद संजय सिंह का केंद्र पर हमला, बोले- 12 साल से क्या कर रहे थे मोदी-शाह, तीन करोड़ घुसपैठियों का हिसाब दो

0

◆ राम मंदिर चढ़ावे की चोरी से लेकर धीरेंद्र शास्त्री के बयानों तक उठाए सवाल, चुनाव आयोग पर भी लगाए गंभीर आरोप


अयोध्या। आम आदमी पार्टी के राज्यसभा सांसद संजय सिंह बुधवार को अयोध्या पहुंचे। महर्षि वाल्मीकि अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट पर मीडिया से बातचीत के दौरान उन्होंने केंद्र और प्रदेश सरकार के साथ भाजपा तथा चुनाव आयोग पर तीखे हमले किए। केंद्रीय गृह मंत्री के देश में तीन करोड़ घुसपैठिये होने के बयान पर सवाल उठाते हुए उन्होंने पूछा कि पिछले 12 वर्षों से नरेंद्र मोदी और अमित शाह क्या कर रहे थे? अगर देश में इतने घुसपैठिये हैं तो अब तक कितनों को बाहर निकाला गया, इसका हिसाब जनता को दिया जाना चाहिए।

संजय सिंह ने कहा कि सरकार बताए कि पिछले 12 वर्षों में कितने घुसपैठियों को वापस भेजा गया और एसआईआर के दौरान कितने घुसपैठिये मिले। उन्होंने इसका पूरा आंकड़ा सार्वजनिक करने की मांग की। एसआईआर पर सवाल उठाते हुए उन्होंने दावा किया कि इसमें 13 करोड़ 37 लाख नाम काटे गए हैं। इनमें 2.8 करोड़ मृतक, 6.3 करोड़ शिफ्टेड, एक करोड़ डुप्लीकेट और तीन करोड़ अनुपस्थित मतदाता बताए गए हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा के इशारे पर चुनाव आयोग ने विपक्ष समर्थित मतदाताओं के नाम काटे हैं। मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार पर भी उन्होंने गंभीर आरोप लगाए।


राम मंदिर में चढ़ावे और जमीन खरीद पर उठाए सवाल


राम मंदिर में चढ़ावे की चोरी और जमीन खरीद में कथित घोटाले का मुद्दा उठाते हुए संजय सिंह ने कहा कि इस मामले में 304 वीडियो सामने आने के बावजूद कार्रवाई नहीं हुई। उन्होंने चंपत राय, अनिल मिश्रा और गोपाल राव की गिरफ्तारी नहीं होने पर सवाल उठाए।


स्वास्थ्य और शिक्षा व्यवस्था पर सरकार को घेरा


प्रदेश की स्वास्थ्य और शिक्षा व्यवस्था पर निशाना साधते हुए उन्होंने बांदा मेडिकल कॉलेज में आवारा कुत्ते के हमले में बच्चे की मौत की घटना का जिक्र किया। उन्होंने इसे प्रदेश की स्वास्थ्य व्यवस्था पर गंभीर सवाल बताया।


धीरेंद्र शास्त्री के बयानों पर कार्रवाई की मांग


धीरेंद्र शास्त्री के कथित विवादित बयानों पर प्रतिक्रिया देते हुए संजय सिंह ने कहा कि भगवान श्रीराम और श्रीकृष्ण के खिलाफ अभद्र टिप्पणी करने वालों पर उत्तर प्रदेश पुलिस को स्वतः संज्ञान लेकर मुकदमा दर्ज करना चाहिए। उन्होंने इस मुद्दे पर भाजपा नेताओं की चुप्पी पर भी सवाल उठाए। ओपी राजभर के बयान पर प्रतिक्रिया देते हुए उन्होंने बाहुबलियों और खुद को गुंडा बताने वालों को लेकर तंज कसा।

NO COMMENTS

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Exit mobile version