जलालपुर अंबेडकर नगर। किछौछा दरगाह में चल रहे उर्स मेले से ड्यूटी पूरी कर वापस लौट रहे मालीपुर थाने के एक उपनिरीक्षक और कांस्टेबल सड़क दुर्घटना में घायल हो गए। स्थानीय लोगों की मदद से दोनों को एंबुलेंस के जरिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र नगपुर पहुंचाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर रूप से घायल कांस्टेबल को जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, मालीपुर थाना क्षेत्र में तैनात उपनिरीक्षक त्रिलोकी नाथ तथा कांस्टेबल मोहम्मद रसूल किछौछा दरगाह में चल रहे उर्स मेले में रात्रि ड्यूटी पूरी कर वापस मालीपुर थाने लौट रहे थे। इसी दौरान मंगुराडीला के पास सामने जा रहे स्कूली बच्चों को बचाने के प्रयास में उनकी बाइक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे गिर गई, जिससे दोनों पुलिसकर्मी गंभीर रूप से घायल हो गए।
हादसा होते ही आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और एंबुलेंस की सहायता से दोनों घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र नगपुर पहुंचाया। चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद कांस्टेबल मोहम्मद रसूल की हालत गंभीर देखते हुए उन्हें जिला अस्पताल रेफर कर दिया, जबकि उपनिरीक्षक त्रिलोकी नाथ का प्राथमिक उपचार कर उन्हें छुट्टी दे दी गई।