जलालपुर अंबेडकर नगर। लखनऊ के अलीगंज स्थित एक डिजिटल लाइब्रेरी में हुए भीषण अग्निकांड के बाद प्रदेशभर में प्रशासन अलर्ट मोड पर है। मुख्यमंत्री के निर्देश पर डिजिटल लाइब्रेरी, कोचिंग सेंटर और अध्ययन केंद्रों की सुरक्षा व्यवस्था की जांच शुरू कर दी गई है। इसी क्रम में जलालपुर तहसील प्रशासन ने क्षेत्र में विशेष अभियान चलाकर दो डिजिटल लाइब्रेरी को सील कर दिया।
तहसीलदार निखिलेश कुमार एवं नायब तहसीलदार के नेतृत्व में राजस्व टीम ने क्षेत्र की विभिन्न डिजिटल लाइब्रेरी का निरीक्षण किया। इस दौरान संस्थानों के पंजीकरण, अग्निशमन सुरक्षा उपकरणों, आपातकालीन निकास, भवन सुरक्षा और अन्य आवश्यक मानकों की जांच की गई।
जांच में रामगढ़ रोड स्थित सिगमा डिजिटल लाइब्रेरी तथा मालीपुर चौराहा स्थित वर्ड्स एंड विजडम लाइब्रेरी बिना वैध पंजीकरण के संचालित होती मिलीं। साथ ही कई अन्य गंभीर अनियमितताएं भी पाई गईं। इस पर प्रशासन ने दोनों लाइब्रेरी को तत्काल प्रभाव से सील कर दिया।
इसके अलावा क्षेत्र में संचालित अन्य कई लाइब्रेरी संचालकों को नोटिस जारी कर निर्धारित मानकों की पूर्ति सुनिश्चित करने और स्पष्टीकरण प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए हैं।
तहसीलदार निखिलेश कुमार ने कहा कि छात्रों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है। बिना अनुमति अथवा सुरक्षा मानकों की अनदेखी कर संचालित किसी भी संस्थान के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने संचालकों को अग्निशमन यंत्र, पर्याप्त वेंटिलेशन, आपातकालीन निकास द्वार, विद्युत सुरक्षा व्यवस्था और आवश्यक पंजीकरण संबंधी सभी मानकों का पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
अभियान के दौरान लेखपाल ओंकार, कस्बा लेखपाल धर्मेंद्र सिंह यादव समेत राजस्व विभाग के कर्मचारी एवं पुलिस बल मौजूद रहे। प्रशासन की कार्रवाई से अवैध रूप से संचालित अध्ययन केंद्रों और डिजिटल लाइब्रेरी संचालकों में हड़कंप मचा हुआ है।
तहसीलदार ने बताया कि लखनऊ की घटना से सबक लेते हुए यह अभियान चलाया गया है। क्षेत्र में संचालित सभी डिजिटल लाइब्रेरी और अध्ययन केंद्रों की जांच पूरी होने तक अभियान लगातार जारी रहेगा।