आलापुर, अंबेडकर नगर। जहांगीरगंज विकासखंड क्षेत्र के बाजारों और प्रमुख सड़कों पर छुट्टा गोवंश का आतंक राहगीरों और वाहन चालकों के लिए मुसीबत बन गया है। सड़कों पर झुंड में घूम रहे गोवंश कभी भी बड़े हादसे का कारण बन सकते हैं, लेकिन जिम्मेदार अधिकारियों की उदासीनता के चलते समस्या का समाधान नहीं हो पा रहा है।
गिरैया, सरजूनगर, मदैनिया, गढ़वल, पदुमपुर सहित जहांगीरगंज ब्लॉक कार्यालय के सामने स्थित तेंदुआईकला चौराहे पर छुट्टा गोवंश का जमावड़ा लगा रहता है। सबसे अधिक खतरा गोरखपुर लिंक एक्सप्रेसवे के आसपास बना हुआ है। एक्सप्रेसवे से उतरकर आने वाले छोटे-बड़े वाहनों के सामने रात के अंधेरे में अचानक गोवंश के आ जाने से दुर्घटना की आशंका बनी रहती है। स्थानीय लोगों के मुताबिक, हाल ही में इसी क्षेत्र में एक गोवंश रात के अंधेरे में घायल हो गया था, बाद में उसकी मौत हो गई।
शासन स्तर से लगातार निर्देश दिए जा रहे हैं कि गांवों और बाजारों में खुलेआम घूम रहे छुट्टा गोवंश को पकड़कर गो-आश्रय स्थलों में संरक्षित किया जाए, ताकि आमजन और यातायात की सुरक्षा सुनिश्चित हो सके। इसके बावजूद क्षेत्र में इन निर्देशों का प्रभावी अनुपालन होता नजर नहीं आ रहा है। स्थानीय लोगों ने जिम्मेदार अधिकारियों से अभियान चलाकर छुट्टा गोवंश को पकड़वाने और उन्हें गो-आश्रय स्थलों तक पहुंचाने की मांग की है।
इस संबंध में खंड विकास अधिकारी जहांगीरगंज ने बताया कि छुट्टा गोवंश को पकड़ने के लिए अभियान चलाया जाता है। संबंधित क्षेत्रों की जांच कराई जाएगी और सड़कों पर घूम रहे गोवंश को पकड़कर गो-आश्रय स्थल भेजने की कार्रवाई की जाएगी।