जलालपुर, अंबेडकर नगर। जलालपुर कोतवाली क्षेत्र में बुधवार शाम माइनर के पास घर जा रही एक युवती के साथ दो अज्ञात युवकों द्वारा मोबाइल छीनने और दुपट्टा खींचने का प्रयास किए जाने का मामला सामने आया है। युवती के शोर मचाने पर दोनों आरोपी काले रंग की स्प्लेंडर बाइक से फरार हो गए। घटना के बाद क्षेत्र की महिलाओं और युवतियों में भय का माहौल है।
बताया जाता है कि 16 सितंबर की शाम करीब सात बजे एक युवती माइनर के पास से अपने घर जा रही थी। इसी दौरान वहां पहले से मौजूद दो अज्ञात व्यक्तियों ने उसे रोक लिया। आरोप है कि दोनों ने युवती के हाथ से मोबाइल छीनने का प्रयास किया तथा उसके दुपट्टे को भी खींचने की कोशिश की। युवती ने अपने बचाव में शोर मचाना शुरू कर दिया। शोर सुनकर दोनों युवक घबरा गए और काले रंग की स्प्लेंडर बाइक पर सवार होकर तेज रफ्तार से मौके से भाग निकले।
बताया गया कि बाइक पर पीछे बैठे युवक ने अपने चेहरे को गमछे से ढक रखा था, जिसके चलते उसका चेहरा स्पष्ट नहीं हो सका। घटना की जानकारी होने के बाद युवती के परिजनों ने जलालपुर कोतवाली में शिकायती पत्र देकर आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि माइनर के आसपास रात के समय कुछ अज्ञात लोग इकट्ठा होकर खड़े रहते हैं। आरोप है कि वहां से गुजरने वाली महिलाओं और युवतियों पर अभद्र टिप्पणियां करने तथा उन्हें परेशान करने की घटनाएं भी सामने आती रहती हैं। ग्रामीणों ने पुलिस से उक्त स्थान पर नियमित गश्त बढ़ाने की मांग की है, ताकि रात के समय अनावश्यक रूप से अज्ञात लोगों का जमावड़ा न हो और महिलाओं एवं युवतियों को आने-जाने में परेशानी का सामना न करना पड़े। इस संबंध में कोतवाल अजय प्रताप यादव ने बताया कि शिकायती पत्र प्राप्त हुआ है। मामले की जांच की जा रही है और जांच के आधार पर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।