Home Ayodhya/Ambedkar Nagar अम्बेडकर नगर शिक्षक प्रशिक्षण 91 प्रतिशत पूरा, शेष शिक्षकों को जल्द प्रशिक्षित करने के...

शिक्षक प्रशिक्षण 91 प्रतिशत पूरा, शेष शिक्षकों को जल्द प्रशिक्षित करने के निर्देश

0

अंबेडकर नगर। परिषदीय विद्यालयों में शैक्षिक गुणवत्ता सुधारने और सरकारी योजनाओं की प्रगति सुनिश्चित करने को लेकर सोमवार को कलेक्ट्रेट सभागार में जिला शिक्षा एवं अनुश्रवण समिति तथा निपुण टास्क फोर्स की बैठक हुई। जिलाधिकारी ईशा प्रिया की अध्यक्षता में आयोजित बैठक में शिक्षक प्रशिक्षण, बाल वाटिका, ऑपरेशन कायाकल्प और विद्यालयों के निर्माण कार्यों की समीक्षा की गई।

बैठक में जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी ने बताया कि जनपद में लक्ष्य के सापेक्ष शिक्षक प्रशिक्षण का कार्य 91 प्रतिशत पूरा हो चुका है। इस पर जिलाधिकारी ने शेष शिक्षकों का प्रशिक्षण भी शीघ्र पूरा कराने के निर्देश दिए। बाल वाटिका के तहत जिले के सभी 183 को-लोकेटेड आंगनबाड़ी केंद्रों पर आउटडोर प्ले मैटेरियल की आपूर्ति पूरी हो चुकी है। रामनगर, जहांगीरगंज और बसखारी की सत्यापन रिपोर्ट प्राप्त होने पर जिलाधिकारी ने शेष विकासखंडों में भी जल्द सत्यापन कर रिपोर्ट उपलब्ध कराने को कहा।

ऑपरेशन कायाकल्प की समीक्षा करते हुए जिलाधिकारी ने सभी परिषदीय विद्यालयों को निर्धारित 19 पैरामीटर से शत-प्रतिशत संतृप्त करने के निर्देश दिए। वहीं, निर्माणाधीन मुख्यमंत्री कंपोजिट विद्यालय नरहरपुर की धीमी प्रगति पर नाराजगी जताते हुए संबंधित कार्यदायी संस्था को नोटिस जारी करने और नवंबर माह में हर हाल में निर्माण कार्य पूरा कर विद्यालय हैंडओवर करने को कहा।

जिलाधिकारी ने विद्यालयों में छात्र-छात्राओं की उपस्थिति बढ़ाने पर विशेष जोर दिया। उन्होंने अक्टूबर और नवंबर में नामांकन के सापेक्ष सबसे कम उपस्थिति वाले 10 विद्यालयों की सूची तलब की, ताकि वहां सुधार के लिए प्रभावी कार्रवाई की जा सके। बैठक में जिला विकास अधिकारी, जिला विद्यालय निरीक्षक, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी, खंड शिक्षा अधिकारी समेत संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।

NO COMMENTS

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Exit mobile version