Home Ayodhya/Ambedkar Nagar अयोध्या राज्य महिला आयोग की सदस्य ऋतु शाही ने की महिला जनसुनवाई, 22...

राज्य महिला आयोग की सदस्य ऋतु शाही ने की महिला जनसुनवाई, 22 शिकायतों में 19 का मौके पर निस्तारण

0

अयोध्या। राज्य महिला आयोग की सदस्य ऋतु शाही ने सोमवार को अयोध्या का दौरा कर महिला जनसुनवाई, अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक, जागरूकता चौपाल तथा महिला कल्याण से जुड़े कार्यक्रमों का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने महिलाओं की समस्याएं सुनकर संबंधित अधिकारियों को उनके त्वरित निस्तारण के निर्देश दिए।

सर्किट हाउस में आयोजित महिला जनसुनवाई में घरेलू हिंसा, महिला उत्पीड़न, विधवा एवं परित्यक्ता महिलाओं की समस्याओं, आर्थिक सहायता, सुरक्षा और शिक्षा सहित विभिन्न मामलों पर सुनवाई की गई। जनसुनवाई में करीब 182 महिलाएं शामिल हुईं, जबकि कुल 22 शिकायतें प्राप्त हुईं। इनमें से 19 मामलों का मौके पर ही संबंधित अधिकारियों को निर्देश देकर निस्तारण कराया गया, जबकि शेष मामलों के शीघ्र समाधान के निर्देश दिए गए।

ऋतु शाही ने कहा कि महिलाओं को अपनी समस्याओं और शिकायतों को दर्ज कराने में संकोच नहीं करना चाहिए। उन्होंने संबंधित विभागों से महिला सुरक्षा, सहायता और कल्याणकारी योजनाओं का लाभ पात्र महिलाओं तक प्रभावी ढंग से पहुंचाने के निर्देश दिए।

कार्यक्रम के दौरान महिलाओं को बाल विवाह निषेध की शपथ भी दिलाई गई। आयोजित चिकित्सा शिविर में डॉ. प्रेम ने एचपीवी (HPV) वैक्सीन के महत्व और इसके लाभों की जानकारी दी। सदस्य ने महिला सुरक्षा हेल्पलाइन, स्वास्थ्य, शिक्षा, स्वरोजगार तथा अन्य सरकारी योजनाओं के व्यापक प्रचार-प्रसार और प्रभावी क्रियान्वयन पर भी जोर दिया।

जनसुनवाई और जागरूकता चौपाल के बाद राज्य महिला आयोग की सदस्य ने राजकीय बंदीगृह का निरीक्षण कर वहां की व्यवस्थाओं का जायजा लिया।

इस अवसर पर जिला प्रोबेशन अधिकारी जयपाल वर्मा, क्षेत्राधिकारी नगर श्रेयश त्रिपाठी, सीडीपीओ मीनाक्षी पांडेय, डॉ. प्रेम, इंस्पेक्टर चंद्रभान, महिला थाना प्रभारी आशा शुक्ला सहित महिला कल्याण विभाग, वन स्टॉप सेंटर, चाइल्ड लाइन एवं विभिन्न विभागों के अधिकारी और कर्मचारी उपस्थित रहे।

NO COMMENTS

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Exit mobile version